पूर्व CM को मिला स्टेट हेलीकॉप्टर : रमन सिंह को केंद्रीय गृह मंत्री के साथ कोरबा जाना था , राज्य सरकार से मांगा था
Former CM got state helicopter: Raman Singh had to go to Korba with the Union Home Minister, asked the state government

राज्य सरकार ने शनिवार को पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह को स्टेट हेलीकॉप्टर उपलब्ध कराया। यह हेलीकॉप्टर उन्हें लेकर कोरबा गया और शाम को वापस लाया। रमन सिंह केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की सभा में शामिल होने के लिए कोरबा गए थे। चार साल में यह पहला मौका था जब पूर्व मुख्यमंत्री ने सरकारी हेलीकॉप्टर मांगा था।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शनिवार को कोरबा के प्रवास पर आये थे। तय कार्यक्रम के मुताबिक उन्हें झारखंड से सीमा सुरक्षा बल के विशेष हवाई जहाज से दोपहर 2 बजे उन्हें रायपुर पहुंचना था। भाजपा के सभी वरिष्ठ नेता सुबह से ही कोरबा पहुंच गये थे। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह को रायपुर में शाह का स्वागत करना था। यहां से उनको अमित शाह के साथ ही सीमा सुरक्षा बल के हेलीकॉप्टर से कोरबा जाना था।
झारखंड के चाईबासा की सभा में देर हुई तो केंद्रीय गृहमंत्री के कार्यक्रम में बदलाव हुआ। वे झारखंड से सीधे हेलीकॉप्टर से कोरबा पहुंच गये। ऐसे में डॉ. रमन सिंह का कोरबा पहुंचना लगभग असंभव हो गया। आनन-फानन में पूर्व मुख्यमंत्री के कार्यालय से उड्डयन विभाग को एक संदेश भेजा गया। लिखा गया, “कोरबा में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का कार्यक्रम है।
डॉ. रमन सिंह को इसमें शामिल होना है। हेलीकॉप्टर की आवश्यकता है।’ विभाग ने इसकी सूचना मुख्यमंत्री कार्यालय को दी। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल उस समय राजिम में थे। मुख्यमंत्री सचिवालय ने उनको डॉ. रमन सिंह का संदेश दिया तो उन्होंने हेलीकॉप्टर उपलब्ध कराने का निर्देश दे दिया। आधे घंटे के भीतर डॉ. रमन सिंह के कार्यालय में हेलीकॉप्टर उपलब्ध होने की सूचना भेज दी गई।
सरकार के पास किराये का हेलीकॉप्टर
छत्तीसगढ़ सरकार के पास अपना कोई हेलीकॉप्टर नहीं है। सरकार के बेड़े का इकलौता हेलीकॉप्टर पिछले साल 12 मई को एक प्रशिक्षण उड़ान के दौरान क्रैश हो गया था। उसके बाद से दो हेलीकॉप्टर किराये पर लिये गये। उसके किराये का भुगतान उड़ान के घंटाें के आधार पर होता है। इसमें से एक हेलीकॉप्टर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू को लेकर गरियाबंद जिले में गया था। दूसरा हेलीकॉप्टर स्टेट हैंगर में मौजूद था।
पूर्व CM को मिला स्टेट हेलीकॉप्टर : रमन सिंह को केंद्रीय गृह मंत्री के साथ कोरबा जाना था , राज्य सरकार से मांगा था