Mukhyamantri Mahila Rojgar Yojana : पटना: बिहार में इस साल के आखिर में विधानसभा चुनाव होने हैं और सभी राजनीतिक दल अपनी तैयारियों में जुट गए हैं। इसी कड़ी में नीतीश कुमार की अगुवाई वाली सरकार ने महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। राज्य सरकार ने मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना की घोषणा की है, जिसके तहत महिलाओं को अपना व्यवसाय शुरू करने या छोटे उद्योगों को बढ़ाने के लिए प्रत्यक्ष आर्थिक मदद दी जाएगी।
योजना का राज्य स्तरीय शुभारंभ 22 सितंबर 2025 (सोमवार) सुबह 11 बजे होगा, जिसमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार खुद शामिल होंगे। पहले चरण में लगभग 50 लाख महिलाओं के बैंक खातों में 10-10 हजार रुपये की राशि DBT (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के जरिए भेजी जाएगी। कुल मिलाकर योजना के तहत महिलाओं को 5,000 करोड़ रुपये वितरित किए जाएंगे। Mukhyamantri Mahila Rojgar Yojana
आयोजन का स्वरूप
योजना के शुभारंभ के मौके पर हर स्तर पर आयोजन किया जाएगा ताकि महिलाएं सीधे इसका लाभ जान सकें।
- जिला स्तर: 38 जिलों में जिलाधिकारी (डीएम) की अध्यक्षता में कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिसमें कम से कम 1,000 महिलाएं शामिल होंगी।
- प्रखंड स्तर: 534 प्रखंड मुख्यालयों में बीडीओ की अध्यक्षता में कार्यक्रम होंगे, प्रत्येक में 500 महिलाएं शामिल होंगी।
- संकुल स्तर: 1,680 संकुल संघों में कार्यक्रम होंगे, प्रत्येक में 200 महिलाएं भाग लेंगी।
- ग्राम संगठन स्तर: 70,000 ग्राम संगठनों में लाइव प्रसारण किया जाएगा, प्रत्येक संगठन में 100 महिलाएं इस कार्यक्रम से जुड़ेंगी।
योजना का उद्देश्य
मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना खासतौर पर उन महिलाओं के लिए है, जो स्वावलंबी बनना चाहती हैं या अपना छोटा व्यवसाय शुरू करना चाहती हैं। महिलाएं इस धनराशि का उपयोग खेती, पशुपालन, सिलाई-बुनाई, हस्तशिल्प या अन्य छोटे उद्योग में कर सकती हैं। इस योजना का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना और उनके परिवार की स्थिति सुधारना है।
आवेदन और पात्रता
योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन प्रक्रिया आसान रखी गई है। अब तक 1 करोड़ 5 लाख जीविका दीदियों ने आवेदन किया है। वहीं, 1 लाख 40 हजार से ज्यादा महिलाएं स्वयं सहायता समूह से जुड़ने के लिए आवेदन कर चुकी हैं।
योजना का लाभ कौन उठा सकता है?
- आवेदिका की उम्र 18 से 60 साल के बीच होनी चाहिए।
- परिवार में पति-पत्नी और अविवाहित बच्चे होने चाहिए।
- अविवाहित महिलाएं जिनके माता-पिता जीवित नहीं हैं, वे भी लाभ ले सकती हैं।
- परिवार में कोई भी आयकर दाता या सरकारी कर्मचारी नहीं होना चाहिए।
- केवल जीविका स्वयं सहायता समूह (SHG) से जुड़ी महिलाएं इसका लाभ उठा सकती हैं।
आवेदन प्रक्रिया:
- ग्रामीण क्षेत्र: महिलाएं अपने ग्राम संगठन में आवेदन करेंगी। यदि कोई महिला समूह से जुड़ी नहीं है, तो पहले उसे आवेदन कर समूह में शामिल होना होगा।
- शहरी क्षेत्र: शहरी महिलाएं www.brlps.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं। जो पहले से SHG से जुड़ी हैं, उन्हें ऑनलाइन आवेदन करने की आवश्यकता नहीं है।
Mukhyamantri Mahila Rojgar Yojana: नवरात्रि के पहले दिन महिलाओं के खातों में आएंगे 10-10 हजार रुपये.. 1 करोड़ महिलाओं से ज्यादा ने किया था आवेदन