
UPSC Coaching Fraud : रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां UPSC-PSC कोचिंग के नाम पर छात्रों से ठगी करने वाले कौटिल्य एकेडमी के डायरेक्टर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ठगी की घटना के बाद कोचिंग बंद कर फरार हो गया था। UPSC Coaching Fraud
जानकारी के मुताबिक, आरोपी पवन टांडेश्वर और उसकी पत्नी रूबी मजूमदार के खिलाफ सरस्वती नगर थाने में मामला दर्ज है। पीड़ित छात्रों की शिकायत पर पुलिस ने धारा 318(4), 3(5) BNS के तहत अपराध दर्ज किया है।
18 लाख की ठगी कर फरार था आरोपी दंपत्ति
पुलिस के अनुसार, पवन और रूबी ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के नाम पर 19 अभ्यर्थियों से कुल ₹18,03,105 की ठगी की थी। पैसे लेने के बाद दोनों ने कोचिंग संस्थान बंद कर दिया और फरार हो गए। करीब एक साल तक फरार रहने के बाद पुलिस ने आरोपी पवन टांडेश्वर को गिरफ्तार कर लिया है। उसे न्यायालय में पेश किया गया।
कोचिंग शिफ्टिंग के नाम पर की गई धोखाधड़ी
यह पूरा मामला नवंबर 2024 का है। उस समय डेढ़ दर्जन छात्रों ने सरस्वती नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि डायरेक्टर पवन टांडेश्वर और उनकी पत्नी रूबी मजूमदार ने UPSC-PSC कोचिंग शुरू की थी और एडमिशन के नाम पर लाखों रुपये जमा कराए थे।
छात्रों के अनुसार, बीच में ही संस्थान को शिफ्टिंग के नाम पर बंद कर दिया गया। कुछ दिनों तक जब कोचिंग नहीं खुली, तो छात्रों ने संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन दंपत्ति ने बातों में उलझाकर बाद में फोन नंबर ब्लॉक कर दिए और फरार हो गए।
फैकल्टी को भी नहीं मिली सैलरी
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, कोचिंग संस्थान में पढ़ाने वाले फैकल्टी मेंबर्स की सैलरी चेक के माध्यम से दी गई थी, लेकिन बैंक में चेक जमा करने पर साइन मैच न होने से चेक बाउंस हो गया। इसके बाद फैकल्टी ने भी आरोपी दंपत्ति के खिलाफ मामला दर्ज कराया था।
पुलिस ने की कार्रवाई
लंबे समय तक फरार रहने के बाद आखिरकार पुलिस ने आरोपी डायरेक्टर को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल उसकी पत्नी की तलाश जारी है।
UPSC Coaching Fraud : UPSC-PSC कोचिंग के नाम पर 18 लाख की ठगी, कौटिल्य एकेडमी का फरार डायरेक्टर हुआ गिरफ्तार…



















