IAS Transfer: राज्य सरकार का बड़ा प्रशासनिक फैसला, रमेश शर्मा बने सहकारिता कमिश्नर और रजिस्ट्रार कोऑपरेटिव सोसाइटी
महादेव कांवड़े के सेवानिवृत्त होने के बाद खाली पद पर हुई नियुक्ति, सहकारी बैंकों और समितियों की जिम्मेदारी अब रमेश शर्मा के हाथों में
IAS Transfer: छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए वरिष्ठ आईएएस अधिकारी रमेश शर्मा को सहकारिता आयुक्त (कमिश्नर) एवं रजिस्ट्रार कोऑपरेटिव सोसाइटी नियुक्त किया है। राज्य शासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार अब सहकारिता विभाग की पूरी जिम्मेदारी उनके हाथों में होगी।
महादेव कांवड़े के रिटायरमेंट के बाद खाली था पद
गौरतलब है कि सहकारिता आयुक्त और रजिस्ट्रार कोऑपरेटिव सोसाइटी का पद आईएएस अधिकारी महादेव कांवड़े के 31 मई 2026 को सेवानिवृत्त होने के बाद रिक्त हो गया था। इससे पहले 6 मई को उन्हें इस पद की जिम्मेदारी सौंपी गई थी, लेकिन सेवानिवृत्ति के कारण वे केवल 25 दिनों तक ही इस पद पर कार्य कर सके।
गृह विभाग से सहकारिता विभाग में भेजे गए रमेश शर्मा
आईएएस रमेश शर्मा वर्तमान में मंत्रालय में सचिव गृह के पद पर पदस्थ थे। राज्य सरकार ने उन्हें नई जिम्मेदारी देते हुए सहकारिता विभाग का प्रमुख बनाया है। अब वे सहकारिता आयुक्त के साथ-साथ रजिस्ट्रार सहकारी समितियों का दायित्व भी संभालेंगे।
सहकारी संस्थाओं पर रहेगा सीधा नियंत्रण
रजिस्ट्रार सहकारी समितियों का पद सहकारिता क्षेत्र में बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। यह एक नियामक (Regulatory) और अर्ध-न्यायिक (Judicial) अधिकार वाला पद है। राज्य के अपेक्स बैंक, जिला सहकारी बैंक और प्राथमिक सहकारी समितियों की निगरानी एवं नियंत्रण रजिस्ट्रार के अधीन होता है।
विशेष परिस्थितियों में शिकायतों और अनियमितताओं की जांच कर रजिस्ट्रार किसी सहकारी संस्था के खिलाफ कार्रवाई करने या उसे बंद कराने का अधिकार भी रखता है।
एक महीने बाद हुआ पहला IAS ट्रांसफर
बता दें कि 6 मई 2026 को राज्य सरकार ने सात जिलों के कलेक्टरों समेत 42 आईएएस अधिकारियों के तबादले किए थे। इसके बाद लगभग एक महीने चार दिन बाद यह पहला बड़ा आईएएस तबादला माना जा रहा है।
जल्द आ सकता है एक और आदेश
सूत्रों के अनुसार कांकेर कलेक्टर नीलेश क्षीरसागर के प्रतिनियुक्ति (डेपुटेशन) पर जाने के बाद राज्य सरकार जल्द ही एक और प्रशासनिक आदेश जारी कर सकती है, जिस पर प्रशासनिक हलकों की नजर बनी हुई है।









