अपराधछत्तीसगढब्रेकिंग न्यूज़

Raipur Double Murder Case: राजधानी में डबल मर्डर से सनसनी, आधी रात दो युवकों की चाकू मारकर हत्या; एक की हालत नाजुक

Raipur Double Murder Case रायपुर। राजधानी रायपुर में चाकूबाजी और हत्या की वारदातों ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। रविवार देर रात डीडी नगर थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग घटनाओं में दो युवकों की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। वहीं, एक युवक गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज एम्स रायपुर में चल रहा है।

एक घटना रायपुरा चौक की है, जबकि दूसरी वारदात श्रीराम नगर, चंगोराभाठा में हुई। दोनों घटनाओं के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने अलग-अलग मामलों में कार्रवाई शुरू कर दी है।

रायपुरा चौक पर विवाद के बाद चाकूबाजी, एक की मौत

पहली घटना डीडी नगर थाना क्षेत्र के रायपुरा चौक की बताई जा रही है। मृतक की पहचान चंगोराभाठा निवासी टीकेंद्र देवांगन (20) के रूप में हुई है। वहीं निषादपारा रायपुरा निवासी कैलाश निषाद (20) गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज एम्स रायपुर में चल रहा है।

जानकारी के मुताबिक, रविवार रात कैलाश अपनी महिला मित्र के साथ पैदल घर लौट रहा था। इसी दौरान टीकेंद्र स्कूटी से वहां पहुंचा और उसका रास्ता रोक दिया। दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया।

विवाद बढ़ने पर टीकेंद्र ने कैलाश पर चाकू से हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि बचाव के दौरान कैलाश ने टीकेंद्र से चाकू छीन लिया और उसी से उस पर वार कर दिया। हमले में टीकेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। टीकेंद्र को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल कैलाश को बेहतर उपचार के लिए एम्स रायपुर रेफर किया गया।

पुलिस अब विवाद की वास्तविक वजह और घटनाक्रम की जांच कर रही है।

चंगोराभाठा में दूसरी हत्या, युवक पर चाकू से हमला

दूसरी वारदात डीडी नगर थाना क्षेत्र के श्रीराम नगर, चंगोराभाठा में हुई। यहां 20 वर्षीय भोला विश्वकर्मा पर रविवार रात करीब 12:30 बजे कुछ स्थानीय युवकों ने कथित तौर पर आपसी रंजिश के चलते चाकू से हमला कर दिया।

हमले में भोला गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन और आसपास के लोग उसे उपचार के लिए मेकाहारा अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

5 आरोपी गिरफ्तार, 2 नाबालिग भी शामिल

पुलिस ने दूसरी वारदात में तत्काल कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में 2 नाबालिग भी शामिल बताए जा रहे हैं।

वहीं, मामले में शामिल अन्य संदिग्धों की तलाश की जा रही है। पुलिस टीम इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और घटना से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

एक ही थाना क्षेत्र में दो वारदातों से उठे सवाल

डीडी नगर थाना क्षेत्र में एक ही रात दो अलग-अलग जगहों पर चाकूबाजी की घटनाओं में दो युवकों की मौत के बाद राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।

पुलिस दोनों मामलों में घटनाओं की कड़ियां जोड़ने के साथ आरोपियों की भूमिका, विवाद की वजह और वारदात में इस्तेमाल हथियारों की भी जांच कर रही है।

Raipur Double Murder Case : राजधानी में डबल मर्डर से सनसनी, आधी रात दो युवकों की चाकू मारकर हत्या; एक की हालत नाजुक

Sanskar Singhaniya

Sanskar Singhaniya is the Founder & Editor-in-Chief of The Bharat Express, with 7 years of experience in journalism and digital media. He primarily covers Chhattisgarh, focusing on politics, governance, administration, crime, public-interest issues, and regional developments. His work emphasizes factual, timely, and reader-focused journalism, with expertise in digital publishing, breaking news, and audience engagement. Through The Bharat Express, Sanskar aims to deliver credible and easy-to-understand news that keeps readers informed about important developments across Chhattisgarh and India.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

HOMEVIDEOWP