
Patwari Suspend : गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में पटवारी कमलेश सिंह तंवर को निलंबित कर दिया गया है। निलंबन का कारण डिजिटल क्राफ्ट सर्वे में लापरवाही और उदासीनता बरतना बताया गया है। इस मामले में शिकायत मिलने के तुरंत बाद वरिष्ठ अधिकारियों ने कार्रवाई करते हुए तंवर को निलंबित कर दिया।
आरोप और जांच
अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) पेंड्रारोड की ओर से जारी रिपोर्ट में कहा गया है कि कमलेश सिंह तंवर, पटवारी हल्का नंबर 2, ग्राम पथर्रा, राजस्व निरीक्षण मंडल सकोला ने डिजिटल क्राफ्ट सर्वे के दौरान अपने पदीय दायित्वों का पालन नहीं किया। उन पर ऑनलाईन भुईया एवं हल्के के कार्यों में उदासीनता बरतने, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना करने, कार्यालयीन समय में मोबाइल बंद रखने और अपने कर्तव्यों का ठीक से पालन न करने का आरोप है।
नियमों के तहत निलंबन
वरिष्ठ अधिकारियों ने शिकायत की जांच पूरी कर इसे छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम, 1965, नियम-3(क) के तहत गंभीर कदाचार माना और तत्काल प्रभाव से पटवारी को निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि के दौरान कमलेश सिंह तंवर का मुख्यालय कार्यालय अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), पेंड्रारोड होगा। साथ ही निलंबन के दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।
इस मामले से यह स्पष्ट हो गया है कि डिजिटल सर्वे और राजस्व कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही या उदासीनता को छत्तीसगढ़ प्रशासन बर्दाश्त नहीं करेगा।
Patwari Suspend: सर्वे कार्य में लापरवाही, पटवारी पर गिरी निलंबन की गाज…



















