Raipur Club Mithya News: देर रात खुला मिला Club Mithya, मैनेजर गिरफ्तार; लाइसेंस निरस्तीकरण की प्रक्रिया तेज
Raipur Club Mithya News, Raipur Commissionerate Action, VIP Road Raipur News

रायपुर: राजधानी रायपुर में कमिश्नरेट प्रणाली लागू होने के बाद देर रात तक खुले होटल, ढाबा, बार, कैफे, पब और क्लबों पर पुलिस की सख्ती लगातार जारी है। इसी कड़ी में वीआईपी रोड स्थित Club Mithya के मैनेजर को तय समय से अधिक संचालन के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। साथ ही क्लब के गुमाश्ता लाइसेंस को निरस्त करने की प्रक्रिया भी तेज कर दी गई है।
रात 12 बजे तक बंद करने के निर्देश
पुलिस के अनुसार, कमिश्नरेट लागू होने के बाद सभी होटल, बार, पब और क्लब संचालकों के साथ बैठकें कर शासन के दिशा-निर्देशों से अवगत कराया गया था। स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि सभी क्लब और पब रात्रि 12 बजे तक अनिवार्य रूप से बंद किए जाएं।
इन निर्देशों के पालन की निगरानी के लिए तेलीबांधा थाना क्षेत्र में नियमित रूप से रात्रि चेकिंग की जा रही है।
12:50 बजे तक खुला मिला क्लब
15 फरवरी की रात चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने क्लब मिथ्या को रात करीब 12:50 बजे तक संचालित पाया। मौके पर मौजूद मैनेजर फैकी महु (29 वर्ष), निवासी विशाल नगर, तेलीबांधा, रायपुर को नियमों का उल्लंघन करते हुए पाया गया।
पुलिस ने मैनेजर के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक धाराएं 170/125, 135, 3(1) बीएनएसएस के तहत कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया। बाद में इस्तगाशा तैयार कर आरोपी को माननीय एसडीएम न्यायालय, रायपुर में पेश किया गया।
लाइसेंस निरस्तीकरण की तैयारी
पुलिस ने बताया कि नियमों के बार-बार उल्लंघन को गंभीरता से लेते हुए क्लब के गुमाश्ता लाइसेंस को निरस्त करने के लिए प्रतिवेदन तैयार कर संबंधित विभाग को भेजा गया है। गौरतलब है कि 1 फरवरी को भी चेकिंग के दौरान क्लब मिथ्या को निर्धारित समय से अधिक संचालित पाया गया था, जिसके बाद लाइसेंस निरस्तीकरण का प्रस्ताव भेजा गया था।
आगे भी जारी रहेगी सख्ती
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि कमिश्नरेट व्यवस्था के तहत शहर में कानून-व्यवस्था और रात्रिकालीन अनुशासन बनाए रखने के लिए ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Raipur Club Mithya News : देर रात खुला मिला Club Mithya, मैनेजर गिरफ्तार; लाइसेंस निरस्तीकरण की प्रक्रिया तेज



















