Anjaneya University Cricket Academy: आंजनेय यूनिवर्सिटी में क्रिकेट अकादमी की शुरुआत, युवाओं को मिलेगा इंटरनेशनल लेवल ट्रेनिंग का मौका
गोविंद चौहान क्रिकेट अकादमी के सहयोग से शुरू हुआ प्रशिक्षण केंद्र, पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर Rajesh Chauhan रहे मौजूद

Anjaneya University Cricket Academy: छत्तीसगढ़ में क्रिकेट प्रतिभाओं को नई पहचान दिलाने की दिशा में आंजनेय यूनिवर्सिटी ने बड़ा कदम उठाया है। रायपुर स्थित यूनिवर्सिटी परिसर में अत्याधुनिक क्रिकेट ग्राउंड पर गोविंद चौहान क्रिकेट अकादमी (GCCA) के सहयोग से क्रिकेट अकादमी की औपचारिक शुरुआत की गई।
इस अकादमी के जरिए अब प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को प्रोफेशनल क्रिकेट कोचिंग, आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाएं और प्रतिस्पर्धात्मक मंच उपलब्ध कराया जाएगा।
30 साल पुरानी क्रिकेट ट्रेनिंग विरासत से जुड़ी अकादमी
करीब तीन दशकों से क्रिकेट प्रशिक्षण के क्षेत्र में सक्रिय GCCA ने देश को कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी दिए हैं। भारतीय टीम के पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर Rajesh Chauhan द्वारा वर्ष 1994 में स्थापित इस अकादमी से प्रशिक्षित खिलाड़ियों ने रणजी ट्रॉफी, आईपीएल और कई राष्ट्रीय टूर्नामेंटों में शानदार प्रदर्शन किया है।
अकादमी से जुड़े खिलाड़ियों में जतीन सक्सेना, टी. सुधींद्रा और बिन्नी सैमुअल जैसे नाम शामिल हैं।
खिलाड़ियों को मिलेगा प्रोफेशनल ट्रेनिंग और मैच प्रैक्टिस
यूनिवर्सिटी प्रबंधन के अनुसार नई क्रिकेट अकादमी में खिलाड़ियों को आधुनिक तकनीक के साथ ट्रेनिंग दी जाएगी। यहां नियमित मैच प्रैक्टिस, फिटनेस ट्रेनिंग और प्रोफेशनल कोचिंग की व्यवस्था रहेगी।
प्रबंधन का कहना है कि खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करने का भी सबसे प्रभावी प्लेटफॉर्म है।
राजेश चौहान बोले- सही मार्गदर्शन से बदल सकती है खिलाड़ियों की किस्मत
कार्यक्रम में मौजूद Rajesh Chauhan ने कहा कि बेहतर खेल सुविधाएं और सही मार्गदर्शन किसी भी खिलाड़ी के करियर को नई दिशा दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि आंजनेय यूनिवर्सिटी के साथ यह साझेदारी प्रदेश के युवा क्रिकेटरों के लिए सुनहरा अवसर साबित होगी।
रायपुर को क्रिकेट हब बनाने की तैयारी
यूनिवर्सिटी के चांसलर अभिषेक अग्रवाल ने कहा कि आने वाले समय में रायपुर को क्रिकेट प्रशिक्षण के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है। इस पहल से प्रदेश से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार करने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम में ये लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में Himanshu Dwivedi, विक्रम सिसोदिया, अजय शुक्ल, बी.डी. बाबू, सरसिज घोष, सुनील त्रिवेदी, शशांक किशोर, वीराज चौहान समेत खेल और शिक्षा जगत से जुड़े कई लोग मौजूद रहे।
इसके अलावा विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. टी. रामाराव, महानिदेशक डॉ. बी.सी. जैन, डायरेक्टर डॉ. जयेंद्र नारंग और बड़ी संख्या में छात्र एवं स्टाफ सदस्य भी कार्यक्रम में शामिल हुए।










