
CG Crime News : सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में बोलेरो से पिता-पुत्र की हत्या के सनसनीखेज मामले ने पूरे इलाके को दहला दिया है। इस घटना में पुलिस की लापरवाही भी खुलकर सामने आई है। पीड़ित परिवार ने पहले ही पुलिस से सुरक्षा मांगी थी, लेकिन शिकायत को नजरअंदाज कर दिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी प्रशांत ठाकुर ने बड़ा कदम उठाते हुए रामानुजनगर थाना प्रभारी राजेंद्र साहू को लाइन अटैच कर दिया है और आलरिक लकड़ा को नए थाना प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी है। CG Crime News
खेत में मूंगफली खाने से शुरू हुआ विवाद
घटना 22 सितंबर की रात करीब 11 बजे की है। रामानुजनगर थाना क्षेत्र के तिवरागुड़ी गांव निवासी त्रिवेणी रवि (41) ने अपने खेत में मूंगफली बोई थी। उसके खेत के पास रिश्तेदार नर्मदा सोनवानी का भी खेत था। आरोप है कि सोनवानी अपने बेटों के साथ खेत पर पहुंचा और 16 वर्षीय करण रवि पर मूंगफली तोड़ने का आरोप लगाकर पीटना शुरू कर दिया। इस दौरान त्रिवेणी रवि और उनके बेटे राजा बाबू बचाव के लिए आए तो उन पर भी हमला किया गया।
थाने में शिकायत पर भी नहीं हुई कार्रवाई
मारपीट से आहत त्रिवेणी रवि और उनके दोनों बेटे उसी दिन थाने पहुंचे। वहां दूसरा पक्ष भी मौजूद था। आरोप है कि थाना प्रभारी ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की और समझौते के लिए दबाव बनाया। इतना ही नहीं, आरोपियों ने थाने में ही पिता-पुत्रों को बोलेरो से कुचल देने की धमकी भी दी। पीड़ित पक्ष का कहना है कि पुलिस ने फोन पर मदद मांगने के बावजूद यह कहकर फोन काट दिया कि वे हर विवाद सुलझाने के लिए नहीं बैठे हैं।
ALSO READ- एक ही युवक ने तीन युवतियों का किया बलात्कार, फिर VIDEO बनाकर करता था ये काम
घात लगाकर बोलेरो से कुचला
थाने से लौटते समय नकना चौक के पास बोलेरो सवार आरोपियों ने पिता-पुत्रों पर हमला बोल दिया। बोलेरो से कुचलने की इस घटना में त्रिवेणी रवि और उनके बड़े बेटे राजा बाबू (21) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, छोटा बेटा करण गंभीर रूप से घायल हो गया जिसे जिला अस्पताल सूरजपुर में भर्ती कराया गया है।
घटना के बाद आरोपी भागे उड़ीसा
घटना के बाद बोलेरो मौके पर ही पलट गई, जिसके बाद आरोपी पैदल भाग निकले और फिर कार से उड़ीसा फरार हो गए। पुलिस ने तकनीकी जांच के आधार पर सभी चारों आरोपियों को उड़ीसा के कटक से गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस पर सवाल, कार्रवाई से मचा हड़कंप
गांव वालों और परिजनों का आरोप है कि अगर पुलिस समय पर कार्रवाई करती तो त्रिवेणी और उनके बेटे की जान बचाई जा सकती थी। मामले में थाना प्रभारी की लापरवाही उजागर होने के बाद एसपी ने तुरंत उन्हें लाइन अटैच कर दिया।

CG Crime News : SP ने की बड़ी कार्रवाई – Ti लाइन अटैच, बोलेरो से कुचलकर पिता-पुत्र की हत्या, आरोपी उड़ीसा से गिरफ्तार



















