Raipur Food Department Raid: रायपुर स्टेशन रोड पर Food Department का छापा, बिरयानी सेंटर सील; चिकन बिरयानी में मिला हानिकारक रंग
Raipur Food Department Raid

रायपुर। राजधानी रायपुर के रेलवे स्टेशन रोड स्थित होटल, रेस्टोरेंट और बिरयानी सेंटरों में खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने औचक जांच की। कार्रवाई के दौरान कई प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई, खाद्य सुरक्षा और पंजीयन से जुड़ी गंभीर खामियां सामने आईं। जांच के बाद विभाग ने दो प्रतिष्ठानों के खिलाफ सीलिंग की कार्रवाई की, जबकि एक अन्य प्रतिष्ठान को सुधार के निर्देश जारी किए गए।
बिना खाद्य पंजीयन चल रहा था बिरयानी सेंटर, किया सील
खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने स्टेशन रोड क्षेत्र में संचालित विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान ‘न्यू सागर बिरयानी सेंटर’ बिना आवश्यक खाद्य पंजीयन के संचालित पाया गया। विभागीय टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए प्रतिष्ठान को सील कर दिया।
इसके अलावा एक अन्य बिरयानी सेंटर में भी अत्यधिक गंदगी और अस्वच्छ परिस्थितियां मिलने पर सीलिंग की कार्रवाई की गई।
चिकन बिरयानी में मिला हानिकारक रंग
जांच के दौरान टीम को एक बिरयानी सेंटर में तैयार चिकन बिरयानी में हानिकारक रंग के इस्तेमाल की जानकारी मिली। खाद्य सुरक्षा को गंभीरता से लेते हुए टीम ने मौके पर ही संबंधित खाद्य सामग्री को नष्ट करवाया।
इस कार्रवाई के बाद विभाग ने खाद्य कारोबारियों को खाद्य पदार्थों में प्रतिबंधित या स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक रंगों का इस्तेमाल नहीं करने की सख्त हिदायत दी।
‘आरजे राजस्थानी थाली’ को सुधार के निर्देश
निरीक्षण के दौरान ‘आरजे राजस्थानी थाली’ में भी खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता से जुड़ी कुछ कमियां सामने आईं। विभागीय अधिकारियों ने संचालक को कमियां दूर करने के निर्देश देते हुए सुधार संबंधी सूचना जारी की।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और निर्धारित नियमों का पालन अनिवार्य है।
कार्रवाई से स्टेशन रोड के कारोबारियों में हड़कंप
स्टेशन रोड जैसे व्यस्त इलाके में खाद्य एवं औषधि प्रशासन की अचानक हुई कार्रवाई से होटल, रेस्टोरेंट और बिरयानी सेंटर संचालकों में हड़कंप मच गया। विभाग की टीम ने प्रतिष्ठान संचालकों को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने और ग्राहकों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने की हिदायत दी।
प्रशासन की यह कार्रवाई खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और शहर में स्वच्छ एवं सुरक्षित खान-पान व्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
Raipur Food Department Raid: रायपुर स्टेशन रोड पर Food Department का छापा, बिरयानी सेंटर सील; चिकन बिरयानी में मिला हानिकारक रंग









