CG Govt Employees Retirement News: सरकारी कर्मचारियों के रिटायरमेंट पर बड़ा फैसला, अब सेवानिवृत्ति के दिन ही मिलेगा पेंशन-ग्रेच्युटी का लाभ
CG Govt Employees Retirement News 2026 सरकारी कर्मचारियों के रिटायरमेंट को लेकर बड़ा फैसला, सेवानिवृत्ति के दिन ही मिलेगा सभी स्वत्व देयकों का लाभ

CG Govt Employees Retirement News रायपुर। छत्तीसगढ़ के सरकारी कर्मचारियों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारी-कर्मचारियों के रिटायरमेंट प्रकरणों के समयबद्ध निराकरण को लेकर सख्त निर्देश जारी किए हैं। मंत्री ने स्पष्ट किया है कि लंबे समय तक शासन की सेवा करने वाले कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति के बाद अपने ही वैधानिक लाभ के लिए कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें।
मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सेवानिवृत्ति आदेश, पेंशन, ग्रेच्युटी, अवकाश नकदीकरण सहित अन्य सभी स्वत्व देयकों की प्रक्रिया सेवानिवृत्ति की तारीख से पहले पूरी कर ली जाए, ताकि कर्मचारी को रिटायरमेंट के दिन ही आवश्यक आदेश और भुगतान संबंधी लाभ उपलब्ध कराया जा सके।
रिटायरमेंट से पहले पूरी करनी होगी प्रक्रिया
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने प्रमुख सचिव, संचालक समाज कल्याण तथा संचालक महिला एवं बाल विकास को निर्देशित किया है कि आगामी सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारी-कर्मचारियों के मामलों की अग्रिम तैयारी सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि रिटायरमेंट के समय किसी भी कर्मचारी को प्रशासनिक देरी के कारण परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए संबंधित विभागों को समय रहते सभी आवश्यक दस्तावेज और औपचारिकताएं पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
पेंशन और ग्रेच्युटी के लिए नहीं करना पड़ेगा लंबा इंतजार
मंत्री ने कहा कि कई बार न मांग-न जांच प्रमाण पत्र, सेवा सत्यापन और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की प्रक्रिया में देरी होने के कारण कर्मचारियों के सेवानिवृत्ति लाभ प्रभावित होते हैं। कई मामलों में प्रशासनिक अनुमोदन के लिए फाइल देर से भेजे जाने के कारण भुगतान में भी विलंब होता है।
इसी समस्या को देखते हुए सभी स्तरों पर समयबद्ध कार्यसंस्कृति अपनाने के निर्देश दिए गए हैं।
हर कार्यालय में बनेगी रिटायरमेंट की चेकलिस्ट
सेवानिवृत्ति प्रकरणों की निगरानी के लिए चेकलिस्ट आधारित मॉनिटरिंग सिस्टम लागू करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके तहत प्रत्येक कार्यालय में आगामी समय में सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों की सूची तैयार की जाएगी। उनके रिटायरमेंट से जुड़े प्रत्येक कार्य की नियमित समीक्षा होगी, ताकि कोई भी प्रकरण अनावश्यक रूप से लंबित न रहे।
इस व्यवस्था के जरिए यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि कर्मचारी के रिटायरमेंट की तारीख नजदीक आने तक सभी जरूरी प्रशासनिक कार्रवाई पूरी हो चुकी हो।
सम्मानजनक विदाई के साथ मिलें सभी वैधानिक अधिकार
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि सेवानिवृत्ति केवल एक प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि कर्मचारी के जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव है।
उन्होंने अधिकारियों को मानवीय दृष्टिकोण अपनाने के निर्देश देते हुए कहा कि वर्षों तक शासन की सेवा करने वाले कर्मचारियों को सम्मानजनक विदाई के साथ उनके सभी वैधानिक स्वत्व समय पर मिलना चाहिए।
मंत्री के इस निर्देश का उद्देश्य विभागीय व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही और संवेदनशीलता को मजबूत करना है।
CG Govt Employees Retirement News









