CG Promotion-Recruitment: उच्च शिक्षा विभाग में जल्द खुलेंगे भर्ती और प्रमोशन के रास्ते, मंत्री लेंगे बड़ी समीक्षा बैठक
1 जुलाई को मंत्रालय में उच्च शिक्षा विभाग की अहम समीक्षा बैठक; भर्ती, पदोन्नति, लंबित मामलों, पुलिस सत्यापन और NEP 2020 के क्रियान्वयन पर रहेगा फोकस

CG Promotion-Recruitment: छत्तीसगढ़ के उच्च शिक्षा विभाग में भर्ती और पदोन्नति का इंतजार कर रहे युवाओं और कर्मचारियों के लिए अच्छी खबर है। विभाग में रिक्त पदों पर भर्ती और लंबित पदोन्नति प्रक्रिया को लेकर 1 जुलाई को मंत्रालय में अहम समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में विभागीय कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए जा सकते हैं।
मंत्री टंक राम वर्मा करेंगे समीक्षा बैठक
प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा 1 जुलाई को सुबह 11 बजे मंत्रालय में विभागीय समीक्षा बैठक लेंगे। बैठक में भर्ती, पदोन्नति और प्रशासनिक मामलों की विस्तृत समीक्षा की जाएगी।
इन मुद्दों पर रहेगा विशेष फोकस
बैठक के दौरान निम्नलिखित विषयों पर चर्चा की जाएगी—
- विभाग में रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया
- लंबित पदोन्नति (Promotion) मामलों का निराकरण
- लंबित विभागीय प्रकरणों की समीक्षा
- प्रभार व्यवस्था
- पुलिस सत्यापन की स्थिति
- प्रशासनिक कार्यों की प्रगति
- समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करना
योजनाओं और गुणवत्ता सुधार पर भी होगी चर्चा
बैठक में विभिन्न विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, अनुसंधान गतिविधियों को बढ़ावा देने और उच्च शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार से जुड़े विषयों पर भी समीक्षा की जाएगी। साथ ही लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।
NEP 2020 के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर
उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि प्रदेश में राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP 2020) का समयबद्ध और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा। इसके तहत—
- समय पर कक्षाएं शुरू हों।
- निर्धारित समय में पाठ्यक्रम पूरा किया जाए।
- सेमेस्टर एवं अन्य परीक्षाएं समय पर आयोजित हों।
- शैक्षणिक कैलेंडर के अनुसार परीक्षा परिणाम जारी किए जाएं।
कॉलेजों में बनेगा हेल्प डेस्क
छात्रों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए सभी महाविद्यालयों में ‘हेल्प डेस्क’ स्थापित किए जाने की भी घोषणा की गई है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए इधर-उधर भटकने से बचाना है।
पारदर्शी और अनुशासित शिक्षा व्यवस्था पर सरकार का जोर
राज्य सरकार उच्च शिक्षा व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, अनुशासित और गुणवत्तापूर्ण बनाने की दिशा में लगातार कदम उठा रही है। डिजिटल गवर्नेंस, एकीकृत नियामक व्यवस्था, छात्रों की अनिवार्य उपस्थिति और कॉलेज परिसरों में स्वच्छ एवं अनुशासित वातावरण सुनिश्चित करने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।









