12 साल की लापता बच्ची का मामला: बिलासपुर पहुंचीं डॉ. वर्णिका शर्मा, जांच के लिए पुलिस की स्पेशल टीम पंजाब रवाना होगी

बिलासपुर, 5 जुलाई 2026। बिलासपुर से लापता 12 वर्षीय बच्ची के मामले में छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा ने गंभीरता दिखाते हुए मामले की निगरानी शुरू कर दी है। बच्ची की सुरक्षित बरामदगी सुनिश्चित करने के लिए उन्होंने पुलिस अधिकारियों से चर्चा की और जांच में तेजी लाने के निर्देश दिए।
जानकारी के अनुसार, 3 जुलाई की सुबह करीब 7:30 बजे बच्ची की मां ने डॉ. वर्णिका शर्मा को फोन कर अपनी बेटी के 27 जून से लापता होने की जानकारी दी। परिजनों ने आशंका जताई कि बच्ची किसी गलत लोगों के संपर्क में आ गई हो और किसी असुरक्षित स्थिति में हो सकती है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए डॉ. वर्णिका शर्मा ने तत्काल विशेष किशोर पुलिस इकाई (SJPU) की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रश्मीत कौर से दूरभाष पर चर्चा कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और जांच में तेजी लाने का आग्रह किया।
इसके बाद डॉ. शर्मा बिलासपुर के सिरगिट्टी थाना पहुंचीं, जहां उन्होंने बच्ची के परिजनों से मुलाकात कर उनका हौसला बढ़ाया। इस दौरान उन्होंने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रश्मीत कौर और थाना प्रभारी के साथ बैठक कर अब तक की जांच और आगे की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की।
पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने आयोग अध्यक्ष को आश्वस्त किया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए 6 जुलाई की सुबह सिरगिट्टी थाना पुलिस की एक स्पेशल टीम (STF) पंजाब रवाना होगी। यह टीम सभी संभावित पहलुओं की जांच करते हुए बच्ची की शीघ्र एवं सुरक्षित बरामदगी के लिए कार्रवाई करेगी।
डॉ. वर्णिका शर्मा ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और आयोग पूरे मामले पर लगातार नजर बनाए हुए है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से हर संभावित एंगल पर जांच करने और बच्ची को जल्द से जल्द सकुशल बरामद करने के निर्देश दिए।









