CG Crime Alert: महिला की हत्या के बाद शव के साथ दुष्कर्म का आरोप, पहचान मिटाने के लिए किए कई टुकड़े
बेमेतरा जिले के सोनपुरी गांव में महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पर हत्या, शव के साथ कथित यौन कृत्य और साक्ष्य मिटाने के लिए शव के टुकड़े कर नदी में फेंकने का आरोप है।

CG Crime Alert: छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में एक महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। चंदनु चौकी थाना क्षेत्र के ग्राम सोनपुरी में हुई इस वारदात में पुलिस ने आरोपी राम प्रसाद सोनवानी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पर महिला की हत्या करने, शव के साथ कथित यौन कृत्य करने तथा पहचान छिपाने और साक्ष्य नष्ट करने के लिए शव के कई टुकड़े कर नदी में फेंकने का आरोप है।
पुलिस ने किया मामले का खुलासा
बेमेतरा पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल ने बताया कि शुरुआत में मामला अज्ञात हत्या के रूप में दर्ज किया गया था। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, फॉरेंसिक जांच और पूछताछ के आधार पर मामले का खुलासा किया।
हत्या के बाद शव के साथ कथित यौन कृत्य का आरोप
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पहले महिला की हत्या की। इसके बाद उसने शव के साथ कथित यौन कृत्य किया। जांच में यह भी आरोप सामने आया है कि अगले दिन भी आरोपी ने शव के साथ ऐसा ही कृत्य किया।
पहचान छिपाने के लिए शव के किए टुकड़े
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अपनी पहचान छिपाने और साक्ष्य मिटाने की नीयत से शव के कई टुकड़े किए। कुछ समय तक शव के हिस्सों को अपने घर में छिपाकर रखा और बाद में उन्हें नदी में फेंक दिया।
महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से मामले से जुड़े कई महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए हैं। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच में वैज्ञानिक और फॉरेंसिक साक्ष्यों को भी शामिल किया गया है।
आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाल रही पुलिस
एसपी त्रिलोक बंसल के अनुसार, आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। वह पहले हत्या के एक अन्य मामले में जेल जा चुका है। पुलिस उसके पुराने रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।
जिले में आक्रोश का माहौल
घटना के खुलासे के बाद बेमेतरा जिले में लोगों में भारी आक्रोश है। स्थानीय लोगों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले में विवेचना जारी है और न्यायालय में मजबूत साक्ष्य प्रस्तुत किए जाएंगे।









