सरकारी खबरछत्तीसगढब्रेकिंग न्यूज़

Bhavana Bohra Kanwar Yatra : आस्था के पथ पर जनकल्याण का संकल्प: अमरकंटक से भोरमदेव तक 151 किमी कांवड़ पदयात्रा शुरू, 600 से अधिक कांवड़िए हुए शामिल

अमरकंटक से भोरमदेव तक 151 किमी कांवड़ यात्रा शुरू, 600 से अधिक कांवड़ियों के साथ निकलीं विधायक भावना बोहरा

अमरकंटक/कबीरधाम। सावन माह के द्वितीय सोमवार के अवसर पर पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने पवित्र नगरी अमरकंटक स्थित मां नर्मदा मंदिर में पूजा-अर्चना कर अमरकंटक से भोरमदेव मंदिर तक 151 किलोमीटर की कांवड़ पदयात्रा शुरू की। यात्रा में 600 से अधिक कांवड़ यात्रियों के साथ वनांचल क्षेत्र के 15 बैगा आदिवासी समाज के लोग भी शामिल हुए।

यात्रा शुरू होने से पहले विधायक भावना बोहरा ने मां नर्मदा और नर्मदेश्वर महादेव की विधिवत पूजा-अर्चना कर छत्तीसगढ़ की सुख-समृद्धि, शांति, खुशहाली और निरंतर प्रगति की कामना की। इस दौरान अमरकंटक का वातावरण ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष से भक्तिमय हो उठा।

लमनी से अमरकंटक तक पहले दिन की यात्रा

विगत वर्ष की तरह इस वर्ष भी 10 से 16 अगस्त तक यह कांवड़ पदयात्रा आयोजित की जा रही है। यात्रा का समापन जलेश्वर महादेव डोंगरिया और भोरमदेव मंदिर में भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक के साथ होगा।

पहले दिन यात्रा मां नर्मदा मंदिर अमरकंटक से शुरू होकर गणेश मंदिर पहाड़, आमडोल और खपरा खोल होते हुए लमनी तक पहुंचेगी। घने जंगलों, दुर्गम पगडंडियों और प्राकृतिक सुंदरता के बीच कांवड़ यात्री पूरे उत्साह के साथ आगे बढ़े।

श्रद्धालुओं की सेवा में जुटीं भावना बोहरा

यात्रा के शुभारंभ से पहले रविवार को अमरकंटक के मेला मैदान में विधायक भावना बोहरा ने कबीरधाम जिले से पहुंचे कांवड़ यात्रियों से मुलाकात की। उन्होंने श्रद्धालुओं को स्वयं भोजन परोसा और भजन संध्या में भी शामिल हुईं।

10 अगस्त को यात्रा के शुभारंभ अवसर पर कबीरधाम जिले से आए कांवड़ यात्रियों, पंडरिया विधानसभा के भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों, समाज प्रमुखों, महिला मोर्चा की पदाधिकारी-कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मां नर्मदा मंदिर में पूजा-अर्चना की।

‘यह सिर्फ कांवड़ यात्रा नहीं, जनकल्याण का संकल्प’

विधायक भावना बोहरा ने कहा कि यह यात्रा उनके लिए केवल कांवड़ यात्रा नहीं, बल्कि मां नर्मदा और भगवान भोलेनाथ के प्रति श्रद्धा, कृतज्ञता और सेवा-भाव का पवित्र संकल्प है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली बनी रहे तथा प्रदेश विकास के नए आयाम स्थापित करे, इसी मंगलकामना के साथ यात्रा की शुरुआत की गई है।

उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा धार्मिक परंपरा में आस्था, तपस्या, अनुशासन और समर्पण का प्रतीक है। साथ ही यह प्रकृति, पर्यावरण और प्रदेश की धार्मिक-सांस्कृतिक विरासत के प्रति संवेदनशील बनने का संदेश भी देती है।

भावना बोहरा ने कहा कि जनप्रतिनिधि के रूप में जनता की सेवा और क्षेत्र का विकास उनका प्रमुख संकल्प है। उन्होंने यात्रा में शामिल सभी कांवड़ यात्रियों, श्रद्धालुओं और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में पत्थलगांव विधायक गोमती साय, बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, बेमेतरा विधायक दीपेश साहू, भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष अशोक साहू, कबीरधाम जिला भाजपा अध्यक्ष राजेन्द्र चंद्रवंशी सहित जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी-कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में शिवभक्त मौजूद रहे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

HOMEVIDEOWP