Kissing Car Viral Video: 3400 किस से रंगी कार, रील के लिए युवक ने दौड़ाई तेज रफ्तार कार; पुलिस ने काटा ₹5,500 का चालान
Kissing Car Viral Video: 3400 किस से रंगी कार, रील के लिए तेज रफ्तार में दौड़ाई; पुलिस ने काटा ₹5,500 का चालान

Kissing Car Viral Video : ग्वालियर। सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए लोग तरह-तरह के वीडियो और रील बनाते हैं, लेकिन ग्वालियर में एक युवक को अपनी कार के साथ बनाई गई ऐसी ही रील भारी पड़ गई। युवक ने अपनी कार की पूरी बॉडी पर लिपस्टिक के करीब 3400 किसिंग मार्क बनवाए और इसके बाद कार को तेज रफ्तार में सड़क पर दौड़ाते हुए वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद ग्वालियर ट्रैफिक पुलिस ने कार को पकड़कर ₹5,500 का चालान काट दिया। Kissing Car Viral Video
3400 किस से पूरी कार पर बना दिए लिपस्टिक के निशान
मामला ग्वालियर के थाटीपुर इलाके का बताया जा रहा है। कार मालिक आदित्य सिकरवार सोशल मीडिया पर रील बनाने का काम करता है। जानकारी के मुताबिक, करीब दो दिन पहले उसने अपनी कार के साथ एक अलग तरह की रील बनाने की योजना बनाई।
इस वीडियो के लिए उसकी दोस्त ने कार की पूरी बॉडी पर लिपस्टिक से किस के निशान बनाए। युवक का दावा है कि करीब साढ़े तीन घंटे में कार पर लगभग 3400 किस किए गए।
इसके बाद कार को सड़क पर तेज रफ्तार में चलाते हुए वीडियो शूट किया गया और उसे इंस्टाग्राम पर अपलोड कर दिया गया।
एक दिन में मिले 55 लाख से ज्यादा व्यूज
वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। बताया जा रहा है कि रील को महज एक दिन में करीब 55 लाख यानी 5.5 मिलियन व्यूज मिल गए।
वायरल वीडियो में कार की बॉडी पर जगह-जगह लिपस्टिक के निशान साफ नजर आ रहे थे। इसके अलावा कार को सड़क पर तेज रफ्तार में दौड़ाते हुए भी दिखाया गया।
यही वीडियो बाद में ग्वालियर ट्रैफिक पुलिस की नजर में आया।
वायरल रील देखकर पुलिस ने खोज निकाली कार
वीडियो वायरल होने के बाद यातायात पुलिस ने कार की पहचान की। इसके बाद पुलिस ने थाटीपुर इलाके से कार को बरामद कर यातायात थाने पहुंचाया।
पुलिस ने कार मालिक से वीडियो और कार को लेकर पूछताछ की। पूछताछ में युवक ने बताया कि उसका उद्देश्य सोशल मीडिया पर अलग तरह की रील बनाकर उसे वायरल करना था।
पुलिस ने युवक से खुद साफ करवाए लिपस्टिक के निशान
कार को थाने लाने के बाद पुलिस ने युवक से कार पर बने लिपस्टिक के निशान भी साफ करवाए।
युवक ने पुलिस के सामने अपनी गलती स्वीकार की और कहा कि उसे अंदाजा नहीं था कि इस तरह की रील बनाने के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन हो सकता है। उसने भविष्य में ऐसी गलती दोबारा नहीं करने की बात कही।
₹5,500 का चालान, पुलिस की सख्त चेतावनी
ASP यातायात ग्वालियर सुजावल जग्गा के मुताबिक, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर कार की पहचान कर कार्रवाई की गई। कार मालिक के खिलाफ तेज रफ्तार और यातायात नियमों के उल्लंघन के मामले में ₹5,500 का चालान किया गया है।
पुलिस ने साफ किया है कि सोशल मीडिया पर व्यूज और लाइक्स पाने के लिए यातायात नियमों को तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
सोशल मीडिया रील के चक्कर में कार्रवाई
इस मामले ने एक बार फिर सोशल मीडिया पर वायरल होने की चाह में सड़क पर नियमों की अनदेखी करने को लेकर सवाल खड़े किए हैं। पुलिस का कहना है कि रील, लाइक्स और व्यूज के लिए सड़क पर खतरनाक या नियम विरुद्ध तरीके से वीडियो बनाना भारी पड़ सकता है।









