New Schools in CG: विद्यार्थियों को जर्जर स्कूल से जल्द मिलेगी मुक्ति, इस जिले में DMF से 60 से अधिक नए स्कूल भवन निर्माण की मिली स्वीकृति
New Schools in CG : रायपुर – छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में शिक्षा व्यवस्था को सशक्त करने के लिए जिला खनिज संस्थान न्यास (डीएमएफ) मद से बड़ी पहल की गई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर जिला प्रशासन ने जिले के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों और जर्जर स्कूल भवनों की समस्याओं को हल करने के लिए 60 से अधिक नए स्कूल New Schools in CG भवनों के निर्माण की स्वीकृति प्रदान की है।
जिला कलेक्टर अजीत वसंत के नेतृत्व में की गई इस पहल के तहत, नए स्कूल भवनों के निर्माण के साथ-साथ अतिरिक्त कक्ष और जीर्णोद्धार कार्य की भी स्वीकृति दी गई है। इसके अतिरिक्त, 10 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बाउंड्री वॉल का निर्माण भी मंजूर किया गया है।
इससे पहले, फरवरी में 88 नए स्कूल भवनों की स्वीकृति प्रदान की गई थी। नए भवनों के निर्माण से जिले के दूरस्थ और जर्जर स्कूलों में पढ़ाई कर रहे विद्यार्थियों और शिक्षकों की समस्याओं का समाधान होगा। इस परियोजना के तहत, प्राथमिक स्कूलों के लिए नए भवनों के निर्माण के साथ-साथ कुछ स्थानों पर माध्यमिक शालाओं के लिए अतिरिक्त कक्ष, प्रयोगशाला कक्ष और जीर्णोद्धार की स्वीकृति भी दी गई है।
इस महत्वपूर्ण पहल से जिले में शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक माहौल मिलेगा और शिक्षकों को भी अनुकूल कार्यक्षेत्र प्राप्त होगा।
जिला प्रशासन द्वारा जर्जर हो चुके स्कूल भवनों के लिए नए भवन स्वीकृत किए जाने पर स्कूल के विद्यार्थियों सहित संबंधित शिक्षकों में खुशी है। करतला विकासखण्ड के अंतर्गत आने वाले दूरस्थ ग्राम बैगापारा-घिनारा का प्राथमिक शाला भवन भी है। 38 साल पुराने शीट युक्त छत वाले भवन में प्राथमिक शाला का संचालन किया जा रहा है। दो कमरों में संचालित विद्यालय में 57 विद्यार्थी हैं। विद्यालय की शिक्षिका शशीकला राठिया ने बताया कि यहां नए स्कूल भवन की सख्त आवश्यकता थी। जिला प्रशासन द्वारा नए भवन स्वीकृत किए जाने की सूचना मिली है। यह हमारे लिए खुशी की बात है। नए भवन बनने से विद्यार्थियों के साथ ही हमें भी राहत मिलेगी।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में बनेगा बाउण्ड्रीवॉल
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर कलेक्टर ने जिले के सुदूरवर्ती क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में कदम उठाते हुए डीएमएफ से दूरस्थ क्षेत्रों के 23 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में आवास निर्माण एवं बाउण्ड्रीवाल निर्माण हेतु स्वीकृति प्रदान की है। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में आवास निर्माण होने से चिकित्सक सहित अन्य स्टाफ आसानी से रूक पाएंगे। वहीं, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में बाउण्ड्रीवॉल बनने पर मरीज सहित चिकित्सकीय स्टाफ खुद को स्वास्थ्य केंद्र में सुरक्षित महसूस करेंगे।
New Schools in CG : विद्यार्थियों को जर्जर स्कूल से जल्द मिलेगी मुक्ति, इस जिले में DMF से 60 से अधिक नए स्कूल भवन निर्माण की मिली स्वीकृति









