
Raipur Crime News : रायपुर। राजधानी रायपुर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। शहर के एक नामी किड्स स्कूल में महिला टीचर की ऐसी करतूत सामने आई है, जिसने अभिभावकों को दहला दिया। आरोप है कि महिला टीचर ने मात्र छह साल की मासूम बच्ची को जलती हुई अगरबत्ती से दाग दिया। बच्ची जब घर पहुंची तो दर्द से तड़पते हुए उसने परिजनों को पूरी घटना बताई। इसके बाद आक्रोशित परिजन तुरंत स्कूल पहुंचे और आरोपी शिक्षिका के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। मामला बढ़ता देख स्कूल प्रबंधन ने महिला टीचर को तत्काल प्रभाव से बाहर का रास्ता दिखा दिया।
कृष्णा किड्स अकादमी इंटरनेशनल स्कूल का मामला
घटना सुंदर नगर इलाके स्थित कृष्णा किड्स अकादमी इंटरनेशनल स्कूल की है। यहां पदस्थ महिला टीचर दीपा पर बच्ची को किसी बात पर सजा देने के बहाने जलती अगरबत्ती से दागने का आरोप लगा है। इस घटना के बाद से न सिर्फ परिजन बल्कि स्कूल के अन्य अभिभावक भी हैरान और आक्रोशित हैं।
बाल कल्याण आयोग की टीम करेगी जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए बाल कल्याण आयोग (CWC) की टीम भी स्कूल पहुंच गई है। आज ही पीड़ित बच्ची का बयान दर्ज किया जाएगा। आयोग ने आशंका जताई है कि मामले में आरोपी महिला टीचर के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। वहीं, इस घटना ने एक बार फिर राजधानी के निजी स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Raipur Crime News: रायपुर में स्कूल में टीचर की हैवानियत.. 6 साल की मासूम छात्रा को अगरबत्ती से जलाया, CWC एक्टिव..



















