Save Constitution Yatra: रायपुर पश्चिम में निकली “संविधान बचाओ यात्रा”, आमजनों ने ली संविधान रक्षक बनने की शपथ

Save Constitution Yatra : रायपुर। देशभर में कांग्रेस द्वारा चलाए जा रहे “संविधान बचाओ अभियान” के तहत आज रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में जोरदार यात्रा निकाली गई। यह यात्रा गोकुल नगर से शुरू होकर कबीर चौक तक पहुंची, जहां बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों ने संविधान की रक्षा की शपथ ली।
इस अवसर पर रायपुर शहर कांग्रेस अध्यक्ष गिरीश दुबे और पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने कहा कि आज देश का संविधान खतरे में है। ऐसे समय में हर नागरिक का यह कर्तव्य बनता है कि वह लोकतंत्र की रक्षा के लिए आवाज उठाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी के नेतृत्व में पूरे देश में यह आंदोलन चलाया जा रहा है और छत्तीसगढ़ इसमें अग्रणी भूमिका निभा रहा है।
विकास उपाध्याय ने कहा कि संविधान बचाओ यात्रा केवल एक रैली नहीं, बल्कि लोकतंत्र की आत्मा को बचाने का संकल्प है। उन्होंने देश में नफरत की राजनीति, संवैधानिक संस्थाओं पर नियंत्रण, छात्रों की अभिव्यक्ति की आज़ादी पर हमले जैसे मुद्दों को गंभीरता से उठाया और कहा कि यह सब संविधान के मूल ढांचे पर सीधा हमला है।
इस यात्रा में गिरीश दुबे, विकास उपाध्याय, कुमार मेनन, बबीता नथानी, दाऊ लाल साहू, मणि राम साहू, सुंदर जोगी, संगीता दुबे, ईश्वर नामदेव, तरुण श्रीवास, रानी वर्मा, कुमकुम झा समेत सैकड़ों की संख्या में लोग शामिल हुए।
मुख्य नारा रहा – संविधान बचेगा, लोकतंत्र बचेगा, तभी भारत बचेगा।
Save Constitution Yatra: रायपुर पश्चिम में निकली “संविधान बचाओ यात्रा”, आमजनों ने ली संविधान रक्षक बनने की शपथ


















