Raipur Online Betting Case: IPL सट्टे पर रायपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, नमन जग्गी समेत 3 आरोपी गिरफ्तार
रायपुर पुलिस ने ऑनलाइन IPL सट्टा मामले में नमन जग्गी, आयुष जैन और मोह. सरफराज मामदानी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से मोबाइल, नगदी और लग्जरी कार समेत करीब 55 लाख रुपये का सामान जब्त किया गया।

Raipur Online Betting Case रायपुर में ऑनलाइन IPL सट्टे के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। Raipur पुलिस की एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट ने कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन बैटिंग एप संचालित करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में नमन जग्गी, आयुष जैन और मोहम्मद सरफराज मामदानी शामिल हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से मोबाइल फोन, नगदी और दो महंगी चारपहिया गाड़ियां जब्त की हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 55 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों को थाना Telibandha क्षेत्र के 36 मॉल के पास एक कार में बैठकर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करते पकड़ा गया। आरोपियों के मोबाइल फोन की जांच में कई ऑनलाइन बैटिंग वेबसाइट्स और सट्टा आईडी संचालित होने के सबूत मिले हैं।
कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) Smritik Rajanala और पुलिस उपायुक्त (मध्य-क्षेत्र) Umesh Prasad Gupta की निगरानी में की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि शहर के बड़े सटोरिये दूसरे राज्यों से जुड़े नेटवर्क के जरिए IPL मैचों पर ऑनलाइन सट्टा चला रहे हैं।
जांच में सामने आया कि आरोपी नमन जग्गी Gold777.com नाम की आईडी के जरिए ऑनलाइन सट्टा चला रहा था। पूछताछ में उसने राजेंद्र नगर निवासी आयुष जैन और गोलबाजार निवासी मोहम्मद सरफराज मामदानी को सट्टा आईडी सप्लाई करने की बात कबूल की। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने बताया कि आयुष जैन के मोबाइल से jmdbet777.com और AllpaneleXch9.co जैसी वेबसाइट्स के जरिए सट्टा संचालन के सबूत मिले हैं, जबकि मोहम्मद सरफराज मामदानी silverbet777.club नाम की आईडी से ऑनलाइन बैटिंग चला रहा था।
गौरतलब है कि आयुष जैन का भाई पीयूष जैन भी पहले ऑनलाइन सट्टा मामले में गिरफ्तार हो चुका है। उसे 31 जनवरी 2026 को 37.50 लाख रुपये नगद के साथ पकड़ा गया था।
रायपुर पुलिस के अनुसार कमिश्नरेट प्रणाली लागू होने के बाद वर्ष 2026 में अब तक ऑनलाइन सट्टा मामलों में 15 प्रकरण दर्ज कर 74 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस ने इन मामलों में करोड़ों रुपये की नगदी, मोबाइल, लैपटॉप और वाहन जब्त किए हैं।
फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।










