
रायपुर। शहर के प्रतिष्ठित विद्यालय Delhi Public School (डीपीएस) की छात्रा हरलीन कौर बेदी ने सीबीएसई 12वीं बोर्ड परीक्षा में कॉमर्स संकाय से 96 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय और परिवार का नाम रोशन किया है। उनकी इस शानदार उपलब्धि पर स्कूल प्रबंधन, शिक्षकों और परिवारजनों में खुशी का माहौल है।
हरलीन कौर बेदी के पिता दलींदर सिंह बेदी ने बताया कि हरलीन शुरू से ही पढ़ाई के प्रति बेहद मेहनती और अनुशासित रही हैं। उन्होंने नियमित रूप से प्रतिदिन लगभग 6 से 7 घंटे पढ़ाई की और अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए लगातार मेहनत करती रहीं।

हरलीन ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और स्कूल के सहयोग को दिया। उन्होंने कहा कि स्कूल की ओर से मिले मार्गदर्शन और परिवार के निरंतर समर्थन ने उन्हें बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय प्रबंधन ने भी हरलीन की सफलता पर गर्व जताते हुए कहा कि उनकी मेहनत, लगन और सकारात्मक सोच अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा है। परिवारजनों और रिश्तेदारों ने हरलीन को इस उपलब्धि पर शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।









