CM Vishnu Deo Sai Appeal: नौतपे की भीषण गर्मी पर सीएम साय की चिंता, प्रदेशवासियों से की खास अपील; पानी, ORS और पशु-पक्षियों का रखें ध्यान
छत्तीसगढ़ में बढ़ते तापमान और हीटवेव के बीच मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने लोगों से सावधानी बरतने और जरूरतमंदों की मदद करने की अपील की
CM Vishnu Deo Sai Appeal: नौतपा की शुरुआत के साथ ही छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी और लू का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। प्रदेश के कई जिलों में तापमान 45 डिग्री के करीब पहुंच चुका है। इसी बीच मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेशवासियों से खास अपील करते हुए स्वास्थ्य और सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है। CM Vishnu Deo Sai Appeal
मुख्यमंत्री ने कहा कि लगातार बढ़ रही गर्मी के बीच लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी पीना चाहिए और घर से बाहर निकलते समय पानी साथ रखना चाहिए। उन्होंने अनावश्यक रूप से तेज धूप में बाहर जाने से बचने की भी सलाह दी।
सोशल मीडिया पर साझा किया संदेश
मुख्यमंत्री साय ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि छत्तीसगढ़ सहित देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी का प्रभाव लगातार बढ़ रहा है। ऐसे समय में सभी लोगों को अपने स्वास्थ्य के साथ-साथ आसपास के लोगों का भी विशेष ध्यान रखना चाहिए।
उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी सावधानियां लोगों और उनके परिवार को सुरक्षित रखने में बड़ी भूमिका निभा सकती हैं।
राहगीरों के लिए पानी रखने की अपील
सीएम साय ने लोगों से अपील की कि यदि संभव हो तो अपने घर, दुकान, कार्यालय या आसपास राहगीरों के लिए पीने के पानी की व्यवस्था जरूर करें। उन्होंने कहा कि गर्मी में यह छोटी-सी संवेदना किसी जरूरतमंद व्यक्ति के लिए बड़ी राहत बन सकती है।
बच्चों, बुजुर्गों और मजदूरों का रखें विशेष ध्यान
मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों, श्रमिकों और खुले में काम करने वाले लोगों का ध्यान रखने की बात कही। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति की तबीयत अचानक बिगड़ती दिखाई दे तो उसे तुरंत छायादार या ठंडी जगह पर ले जाकर पानी, ORS और अन्य तरल पदार्थ उपलब्ध कराए जाएं।
पशु-पक्षियों के लिए भी रखें पानी
Chhattisgarh के मुख्यमंत्री ने लोगों से पशु-पक्षियों के लिए भी पानी रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि घर, आंगन, छत, दुकान या आसपास किसी पात्र में पानी जरूर रखें, ताकि इस भीषण गर्मी में पशु-पक्षियों को राहत मिल सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सेवा, संवेदना और सजगता के साथ सभी लोगों को एक-दूसरे का सहारा बनना चाहिए और मानवता का दायित्व निभाना चाहिए।








