
Anjaneya Education Chariot रायपुर। प्रदेश के दूरस्थ एवं आदिवासी अंचलों में उच्च शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और युवाओं को रोजगारोन्मुखी शिक्षा से जोड़ने के उद्देश्य से आंजनेय यूनिवर्सिटी द्वारा “आंजनेय शिक्षा रथ” अभियान संचालित किया जा रहा है। यह अभियान बस्तर, दंतेवाड़ा, सुकमा, कांकेर, नारायणपुर और कोंडागांव सहित प्रदेश के कई दूरस्थ इलाकों में शिक्षा जागरूकता का प्रभावी माध्यम बनकर उभर रहा है।
विश्वविद्यालय द्वारा शुरू किया गया यह शिक्षा रथ केवल एक प्रचार अभियान नहीं, बल्कि शिक्षा, प्रेरणा और अवसरों का चलता-फिरता केंद्र बन चुका है। गांव-गांव पहुंचकर यह अभियान विद्यार्थियों, अभिभावकों और युवाओं को उच्च शिक्षा के महत्व, आधुनिक पाठ्यक्रमों, तकनीकी शिक्षा और करियर निर्माण की संभावनाओं से अवगत करा रहा है।
विश्वविद्यालय प्रबंधन का कहना है कि प्रदेश का कोई भी युवा केवल जानकारी या संसाधनों के अभाव में शिक्षा से वंचित न रहे, यही इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है। शिक्षा रथ के माध्यम से विद्यार्थियों को इंजीनियरिंग, कंप्यूटर साइंस, फार्मेसी, मैनेजमेंट, कॉमर्स, साइंस, पत्रकारिता, फिल्म, डिजाइन, आर्ट्स एंड ह्यूमैनिटीज जैसे रोजगारोन्मुखी और आधुनिक पाठ्यक्रमों की जानकारी दी जा रही है।
इसके साथ ही विद्यार्थियों को उनकी रुचि और क्षमता के अनुसार करियर काउंसलिंग और मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि वे अपने भविष्य के लिए सही दिशा का चयन कर सकें। अभियान के दौरान यूनिवर्सिटी की टीम स्कूलों, ग्रामीण क्षेत्रों और जनजातीय इलाकों में पहुंचकर विद्यार्थियों और अभिभावकों से सीधे संवाद कर रही है।
आंजनेय यूनिवर्सिटी आधुनिक शिक्षा व्यवस्था, डिजिटल क्लासरूम, अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं, अनुभवी प्राध्यापकों, रिसर्च सुविधाओं और इंडस्ट्री आधारित ट्रेनिंग के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। विश्वविद्यालय का विशेष फोकस शिक्षा को केवल शहरी क्षेत्रों तक सीमित न रखकर समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर है।
कुलपति ने कहा कि बढ़ते ड्रॉप आउट्स को कम करना और युवाओं को रोजगारोन्मुखी शिक्षा से जोड़ना विश्वविद्यालय की प्राथमिकता है। “आंजनेय शिक्षा रथ” अभियान इसी दिशा में एक मजबूत और सकारात्मक पहल साबित हो रहा है, जो आने वाले समय में प्रदेश के हजारों युवाओं के भविष्य को नई दिशा देने का काम करेगा।










