Father-Son Murder Plot: पत्नी पर शक में शिक्षक बना कातिल, कथित प्रेमी को घर बुलाकर बेटे संग उतारा मौत के घाट
अवैध संबंधों के शक में रची गई हत्या की साजिश, बिलासपुर में पिता-पुत्र गिरफ्तार

Father-Son Murder Plot: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में रिश्तों, शक और साजिश से जुड़ा एक सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है। सकरी थाना क्षेत्र में एक शिक्षक ने अपनी पत्नी के कथित प्रेम संबंधों के शक में युवक को घर बुलाकर बेटे के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मुंगेली निवासी शिक्षक शिव कांबले को अपनी पत्नी और दावेंद्र बघेल के बीच कथित संबंधों का संदेह था। इसी शक के चलते उसने कथित तौर पर अपनी पत्नी पर दबाव बनाकर दावेंद्र बघेल को बिलासपुर स्थित घर बुलवाया।
बताया जा रहा है कि जैसे ही दावेंद्र घर पहुंचा, वहां पहले से मौजूद शिक्षक और उसके बेटे ने उसे घेर लिया। दोनों ने पहले युवक के साथ बेरहमी से मारपीट की और बाद में कथित तौर पर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।
मामले में एक अहम तथ्य यह भी सामने आया है कि महिला को किसी बड़ी अनहोनी की आशंका थी। बताया जा रहा है कि उसने घटना से पहले पुलिस को सूचना देने के लिए थाने पहुंचने की कोशिश की थी, लेकिन पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही वारदात हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही सकरी पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और फरार होने की तैयारी कर रहे आरोपी पिता-पुत्र को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।









