सरकारी खबर

CG CM Helpline 1076: हेल्पलाइन पर बजा फोन तो खुद सीएम साय ने उठाया कॉल, फरियादी से सीधे बात कर दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 का किया निरीक्षण, आय प्रमाण पत्र की शिकायत पर कॉलर से की बातचीत; अधिकारियों को समयबद्ध समाधान के निर्देश

CG CM Helpline 1076: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन एवं शिकायत प्रबंधन प्रणाली 1076 का निरीक्षण कर इसकी कार्यप्रणाली, तकनीकी व्यवस्थाओं और शिकायत निवारण तंत्र की समीक्षा की। इस दौरान एक दिलचस्प और महत्वपूर्ण क्षण तब देखने को मिला जब हेल्पलाइन पर आए एक कॉल को स्वयं मुख्यमंत्री ने रिसीव किया और शिकायतकर्ता से सीधे बातचीत की।

हेल्पलाइन पर कॉलर से खुद की बात

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रायपुर निवासी पूना राम ठाकरे से सीधे बातचीत की। कॉलर ने बताया कि उन्होंने आय प्रमाण पत्र के लिए आवेदन किया था, लेकिन कार्य में देरी होने के कारण उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई है।

मुख्यमंत्री ने शिकायतकर्ता को आश्वस्त करते हुए कहा कि उनकी समस्या का जल्द समाधान किया जाएगा और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए।

शिकायतों के त्वरित समाधान पर दिया जोर

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से शिकायतों के पंजीयन, निगरानी और समाधान प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता हर नागरिक की समस्या का समयबद्ध और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों के निराकरण में पारदर्शिता, जवाबदेही और गति सुनिश्चित की जाए, ताकि आम लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

हितग्राहियों से भी की बातचीत

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री साय और अन्य मंत्रियों ने हेल्पलाइन के माध्यम से जुड़े कई हितग्राहियों से भी बातचीत की। उन्होंने नागरिकों की समस्याएं और सुझाव सुने तथा संबंधित मामलों के शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया।

हितग्राहियों ने भी मुख्यमंत्री हेल्पलाइन व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि इससे उनकी समस्याएं सीधे शासन तक पहुंच रही हैं।

1200 से ज्यादा शिकायत श्रेणियां, 8000 अधिकारी जुड़े

अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन एवं शिकायत प्रबंधन प्रणाली राज्य के सभी विभागों को एकीकृत रूप से जोड़ती है। इस प्लेटफॉर्म में 1,200 से अधिक शिकायत श्रेणियां और लगभग 8,000 अधिकारियों को चार प्रशासनिक स्तरों पर मैप किया गया है।

ब्लॉक स्तर से लेकर राज्य स्तर तक बहु-स्तरीय एस्केलेशन सिस्टम के माध्यम से शिकायतों की लगातार निगरानी की जाती है।

युवाओं को मिल रहा रोजगार

मुख्यमंत्री ने हेल्पलाइन संचालन में कार्यरत युवाओं से भी संवाद किया। अधिकारियों ने बताया कि इस परियोजना के माध्यम से स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे सेवा गुणवत्ता में सुधार के साथ रोजगार सृजन को भी बढ़ावा मिला है।

सुशासन का मजबूत माध्यम बनेगी हेल्पलाइन

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन केवल शिकायत निवारण का मंच नहीं है, बल्कि शासन और जनता के बीच संवाद को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि डेटा आधारित निर्णय प्रक्रिया और शिकायतों के विश्लेषण के जरिए प्रशासनिक सुधारों को और गति दी जाएगी।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ सुनना और उनका समाधान करना ही सुशासन की असली पहचान है।

Kirti Goswami

The Bharat Express एक समर्पित डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो छत्तीसगढ़ सहित पूरे भारत की क्राइम, ब्रेकिंग न्यूज़, सरकारी अपडेट और जनहित से जुड़ी खबरें प्रकाशित करता है । TheBharatExpress.com अपने पाठकों तक तेज़, सटीक और विश्वसनीय खबरें पहुंचा रहा है। यहां प्रकाशित हर खबर विश्वसनीय स्रोतों से पुष्टि के बाद ही प्रकाशित की जाती है, जिससे पाठकों का भरोसा बना रहता है।Email: contact@thebharatexpress.com

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

HOMEVIDEOWP