Janjgir Barat Return Case: शराबी दूल्हे को लौटाई थी बारात, 7 दिन बाद उसी से कर ली शादी
23 जून को शराब के नशे में पहुंचे दूल्हे की बारात लौटा दी थी, 25 जून को युवती को मिला सम्मान, लेकिन 7 दिन बाद उसी युवक से विवाह कर सबको चौंका दिया।

Janjgir Barat Return Case: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में शराब के नशे में बारात लेकर पहुंचे दूल्हे को सबक सिखाने वाली युवती का मामला अब एक नए मोड़ पर पहुंच गया है। जिस दुल्हन ने कुछ दिन पहले दूल्हे की शराब पीकर आने की वजह से शादी से इनकार कर बारात लौटा दी थी, अब उसी युवती ने उसी युवक के घर जाकर उससे विवाह कर लिया है। इस घटनाक्रम की पूरे इलाके में चर्चा हो रही है। Janjgir Barat Return Case
23 जून को लौटा दी थी बारात
जानकारी के अनुसार, 23 जून को संतकुमार राय बारात लेकर दुल्हन के घर पहुंचा था। आरोप है कि वह शराब के नशे में था। दूल्हे की हालत देखकर युवती ने शादी से साफ इनकार कर दिया और बारात बिना शादी के वापस लौट गई।
युवती के इस फैसले की प्रदेशभर में सराहना हुई और इसे सामाजिक साहस का उदाहरण बताया गया।
SP ने भी किया था सम्मानित
बारात लौटाने के बाद 25 जून को जांजगीर-चांपा के पुलिस अधीक्षक (SP) ने युवती को सम्मानित किया था। इसके बाद यह मामला पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बना रहा।
परिवार परामर्श केंद्र भी पहुंचा था मामला
बताया जा रहा है कि 30 जून को दोनों पक्ष परिवार परामर्श केंद्र भी पहुंचे थे, जहां मामले को लेकर बातचीत हुई। इसके बाद दोनों परिवारों के बीच लगातार चर्चा चलती रही।
फिर बदल गया पूरा घटनाक्रम
इसी बीच पूरे मामले में अचानक नया मोड़ आ गया। युवती स्वयं युवक के गांव खोखरा पहुंची और वहां जाकर संतकुमार राय से विवाह कर लिया।
पहले शराबी दूल्हे को ठुकराने वाली युवती के इस फैसले ने सभी को हैरान कर दिया है।
बदले फैसले की वजह स्पष्ट नहीं
फिलहाल युवती द्वारा अपना फैसला बदलने की आधिकारिक वजह सामने नहीं आई है। परिवार की ओर से भी इस संबंध में कोई विस्तृत बयान जारी नहीं किया गया है। हालांकि इस अप्रत्याशित घटनाक्रम के बाद यह मामला एक बार फिर पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बन गया है।








