Kisan Jawan Samvidhan Mahasabha : 7 जुलाई को रायपुर में ‘किसान, जवान, संविधान’ महासभा…खड़गे के दौरे को लेकर रायपुर पश्चिम में बैठकों का दौर तेज
Kisan Jawan Samvidhan Mahasabha : रायपुर, 2 जुलाई 2025। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे आगामी 7 जुलाई को रायपुर में एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। सभा का विषय है: “किसान, जवान और संविधान” — जिसमें कांग्रेस केंद्र सरकार की नीतियों की विफलताओं को उजागर करेगी।
इस महासभा को लेकर रायपुर पश्चिम विधानसभा में बैठकों का दौर जारी है। छत्तीसगढ़ कांग्रेस के सह प्रभारी विजय जांगिड़, शहर अध्यक्ष गिरिश दुबे और रायपुर पश्चिम के प्रभारी राजेंद्र पप्पू बंजारे की उपस्थिति में विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में कार्यकर्ताओं की बैठकें हुईं।
गुढ़ियारी और महादेव घाट में जुटे कार्यकर्ता
जनसभा को सफल बनाने के लिए गुढ़ियारी स्थित परशुराम भवन और महादेव घाट के रामजानकी मंदिर परिसर में क्रमशः नेताजी कन्हैयालाल बाजारी ब्लॉक कांग्रेस और शहीद भगत सिंह ब्लॉक कांग्रेस की बैठकें आयोजित की गईं। इन बैठकों में जनसभा में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने की रणनीति बनाई गई।
कांग्रेस भवन में वरिष्ठ नेताओं की अहम बैठक
कांग्रेस भवन रायपुर में हुई एक विशेष बैठक में पूर्व मंत्री धनेन्द्र साहू, जयसिंह अग्रवाल, पूर्व सांसद छाया वर्मा, पूर्व विधायक प्रतिमा चंद्राकर, अनिता शर्मा, विकास उपाध्याय, ग्रामीण जिला अध्यक्ष उधोराम वर्मा और कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।
विकास उपाध्याय ने आरोप लगाया कि —
“भाजपा की राज्य सरकार डेढ़ साल में 17 से ज्यादा जनकल्याण योजनाएं बंद कर चुकी है और फिर भी 37 हजार करोड़ से अधिक का कर्ज ले चुकी है। कानून व्यवस्था बदहाल है, बेरोजगारी चरम पर है और सरकार की नीयत में भ्रष्टाचार है।”
सरकार पर बेरोजगारी और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप
विकास उपाध्याय ने आगे कहा —
“राज्य में 33 हजार शिक्षकों के पद खाली हैं, लेकिन भाजपा सरकार ने डेढ़ साल में कोई भर्ती नहीं की। बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है और वादों के नाम पर केवल छलावा किया गया है।”
उन्होंने यह भी कहा कि जनता अब भाजपा की असलियत समझ चुकी है और आने वाले समय में जनता ही जवाब देगी।
बैठक में शामिल प्रमुख चेहरे:
श्रीकुमार मेनन, दाऊलाल साहू, अन्नूराम साहू, राजेश पाल, शिव सिंह ठाकुर, कमलाकांत शुक्ला, सुंदरलाल जोगी, सुनील बाजारी, संजय अवस्थी, वारेन्द्र साहू, शानू दीवान, दीपेन्द्र सिंह ठाकुर, ईश्वर चक्रधारी, दिनेश शुक्ला, मनीष शर्मा, सोमेन चटर्जी, विकास अग्रवाल, रानी वर्मा, सोनू ठाकुर, मीत गोपाल, दानी वर्मा समेत कई कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।









