सहकारी बैंक में बड़ा घोटाला: फर्जी हस्ताक्षर कर किसानों के खाते से निकाले 2 करोड़, 8 पर केस दर्ज
127 किसानों के फर्जी हस्ताक्षर कर निकाली गई रकम, शाखा प्रबंधक से लेकर कैशियर तक पर केस दर्ज

सहकारी बैंक में बड़ा घोटाला: सरगुजा जिले के सीतापुर थाना क्षेत्र स्थित जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित की पेटला शाखा में करोड़ों रुपये के गबन का बड़ा मामला सामने आया है। जांच में खुलासा हुआ है कि किसानों के खातों से फर्जी दस्तावेज और नकली हस्ताक्षरों के जरिए करीब 2 करोड़ रुपये निकाल लिए गए। मामले में पुलिस ने बैंक के तत्कालीन शाखा प्रबंधक, लेखापाल, कैशियर और कंप्यूटर ऑपरेटर समेत कुल 8 अधिकारी-कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। सहकारी बैंक में बड़ा घोटाला
जानकारी के मुताबिक बैंक शाखा में 127 किसानों के खातों से करीब 1 करोड़ 92 लाख 82 हजार रुपये की अवैध निकासी की गई। किसानों के हस्ताक्षर फर्जी तरीके से तैयार कर रकम आहरित करने की शिकायत सामने आने के बाद कलेक्टर के निर्देश पर मामले की जांच कराई गई थी।
जांच रिपोर्ट में बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों की मिलीभगत उजागर हुई है। रिपोर्ट के अनुसार बैंक कर्मियों ने संयुक्त रूप से फर्जी दस्तावेज तैयार किए और किसानों की जानकारी व अनुमति के बिना उनके खातों से बड़ी रकम निकाल ली। जांच में दोषी पाए जाने के बाद सभी 8 कर्मचारियों के खिलाफ सीतापुर थाने में विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
बताया जा रहा है कि आरोपियों में तत्कालीन शाखा प्रबंधक, लेखापाल, कैशियर और कंप्यूटर ऑपरेटर सहित अन्य कर्मचारी शामिल हैं। पुलिस अब बैंक से जुड़े दस्तावेजों, लेनदेन रिकॉर्ड और खातों की विस्तृत जांच कर रही है।
मामले के सामने आने के बाद इलाके के किसानों में भारी नाराजगी है। किसानों का कहना है कि जिन खातों में उनकी मेहनत की जमा राशि थी, उन्हीं में बैंक कर्मचारियों ने धोखाधड़ी कर दी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।









