ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत! 200 ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों ने शहर से बाहर शिफ्ट होने पर भरी हामी…चेम्बर अध्यक्ष को सौंपे गए 200 से अधिक आवेदन
Raipur Transport Nagar News: 200 से अधिक ट्रांसपोर्टर्स ने आधुनिक ट्रांसपोर्ट नगर के लिए सौंपे आवेदन, शहर से बाहर शिफ्ट होने पर सहमति

रायपुर, 15 जून 2026। राजधानी गुड्स ट्रांसपोर्ट ऑपरेटर एसोसिएशन (RGTOA) की पहली ऐतिहासिक आमसभा सोमवार को छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स भवन में उत्साहपूर्ण माहौल में आयोजित हुई। सभा का मुख्य उद्देश्य शहर से बाहर आधुनिक ट्रांसपोर्ट नगर के निर्माण और ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों को जमीन आवंटित करने की मांग को लेकर एकजुटता प्रदर्शित करना था।
इस दौरान रायपुर के 200 से अधिक ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों ने शहर के बाहर स्थानांतरित होने की सहमति देते हुए अपने आवेदन और आवश्यक डेटा फॉर्म भरकर छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी को सौंपे।
ट्रांसपोर्ट नगर बनेगा विकास की नई आधारशिला
सभा को संबोधित करते हुए चेम्बर प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी ने कहा कि 200 से अधिक ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों द्वारा शहर के बाहर आधुनिक ट्रांसपोर्ट नगर में शिफ्ट होने की सहमति रायपुर के सुनियोजित विकास की दिशा में ऐतिहासिक कदम है।
उन्होंने कहा कि चेम्बर ऑफ कॉमर्स इस मांग का पूर्ण समर्थन करता है और जल्द ही सभी आवेदनों को शासन-प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत कर भूमि आवंटन की प्रक्रिया को गति देने का प्रयास करेगा।

शहर को मिलेगा ट्रैफिक जाम से राहत
सतीश थौरानी ने कहा कि ट्रांसपोर्ट नगर के शहर से बाहर स्थानांतरित होने से राजधानी की यातायात व्यवस्था में बड़ा सुधार आएगा। भारी वाहनों का दबाव कम होगा, जिससे आम नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और सड़क सुरक्षा भी बेहतर होगी।
उन्होंने कहा कि बिना नो-एंट्री बाधाओं के माल परिवहन होने से लॉजिस्टिक्स क्षेत्र को नई गति मिलेगी, जिसका सीधा लाभ व्यापारियों और उद्योग जगत को मिलेगा।
छत्तीसगढ़ बनेगा बड़ा लॉजिस्टिक्स हब
चेम्बर अध्यक्ष ने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त ट्रांसपोर्ट नगर छत्तीसगढ़ को मध्य भारत के प्रमुख लॉजिस्टिक्स हब के रूप में स्थापित कर सकता है। इससे व्यापारिक गतिविधियों में वृद्धि होगी, निवेश बढ़ेगा और शासन को अतिरिक्त कर राजस्व भी प्राप्त होगा।
इन पदाधिकारियों की रही अहम भूमिका
कार्यक्रम को सफल बनाने में चेम्बर सलाहकार गुरजीत सिंह संधू, कार्यकारी अध्यक्ष राजेश वासवानी, जसप्रीत सिंह सलूजा, उपाध्यक्ष अमरदास खट्टर, दिलीप इसरानी, मंत्री प्रशांत गुप्ता, राजेन्द्र पारख एवं उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसोसिएशन ने सर्वसम्मति से पारित किया प्रस्ताव
एसोसिएशन के अध्यक्ष स्वरूप चोपड़ा के नेतृत्व में महामंत्री नीरज बंसल, विशाल ककलानी, उपाध्यक्ष पिंटू सिंह, सिद्धार्थ भल्ला, सचिव रूपेश चंद्रवंशी, कोषाध्यक्ष उमेश वर्मा, मीडिया प्रभारी विकास अग्रवाल, अंकित जैन सहित सभी कार्यकारिणी सदस्यों ने एक स्वर में प्रस्ताव पारित किया।
पदाधिकारियों ने कहा कि ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों की यह आवाज अब शासन और प्रशासन तक मजबूती से पहुंच चुकी है और आने वाले दिनों में इस मांग को और अधिक प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा।








