CG Weather Update Today: राजधानी समेत 10 से ज्यादा जिलों में हो सकती है बारिश, जानें मौसम का हाल…
CG Weather Update Today : रायपुर, 23 सितंबर 2025। छत्तीसगढ़ समेत देश के कई हिस्सों में मानसून विदाई की दहलीज पर है, लेकिन जाते-जाते भी अपने तेवर दिखा रहा है। प्रदेश के कई जिलों में सोमवार देर रात और मंगलवार सुबह तक भारी बारिश हुई। राजधानी रायपुर में खंड-खंड वर्षा का दौर जारी है। लगातार हो रही बारिश ने तापमान में गिरावट ला दी है और मौसम में ठंडक घुलने लगी है। इसी बीच मौसम विभाग ने आज यानी मंगलवार को प्रदेश के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है।
इन जिलों में बरस सकते हैं बादल
मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, आज रायपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बलौदाबाजार, राजनांदगांव, बिलासपुर, बालोद, दुर्ग, कोरिया, बलरामपुर-रामानुजगंज, सरगुजा, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, सूरजपुर और जशपुर जिलों में बारिश की संभावना है। राजधानी रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहेंगे।
लोगों से की गई अपील
मौसम विभाग ने चेतावनी देते हुए कहा है कि भले ही मानसून विदाई की ओर है, लेकिन इसके अंतिम दिनों में भी तेज बारिश और बिजली गिरने की संभावना बनी हुई है। विभाग ने लोगों को सतर्क करते हुए कहा कि जरूरी काम न हो तो घर से बाहर न निकलें। वहीं बाहर निकले लोगों को हिदायत दी गई है कि बारिश या आंधी-तूफान के दौरान खुले स्थान पर खड़े न हों और सुरक्षित जगह पर शरण लें।
प्रदेश में अचानक हो रही तेज बारिश से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन रही है और ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों पर कीचड़ और फिसलन के हालात उत्पन्न हो रहे हैं। ऐसे में लोगों से सतर्क रहने और मौसम विभाग की चेतावनी का पालन करने की अपील की गई है।
ALSO READ- परीक्षा के दिन स्कूल से शिक्षक गायब, बच्चे करते रहे घंटों इंतजार, फिर जो हुआ
CG Weather Update Today : राजधानी समेत 10 से ज्यादा जिलों में हो सकती है बारिश, जानें मौसम का हाल









