Sex Racket Bust: किराए के मकानों में चल रहा था सेक्स रैकेट, 7 महिलाएं गिरफ्तार, 5 पीड़ित महिलाओं का रेस्क्यू
फोन कॉल के जरिए बुलाए जाते थे ग्राहक, बेंगलुरु के कई इलाकों में चल रहा था देह व्यापार का नेटवर्क
Sex Racket Bust: बेंगलुरु के अलग-अलग इलाकों में किराए के मकानों में चल रहे बड़े सेक्स रैकेट का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। केंद्रीय अपराध शाखा (CCB) की महिला सुरक्षा स्क्वॉड ने छापेमारी कर सात महिलाओं को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि ये महिलाएं दूसरी महिलाओं से जबरन देह व्यापार करवाती थीं। कार्रवाई के दौरान पांच पीड़ित महिलाओं को भी रेस्क्यू किया गया है।
जानकारी के अनुसार मामला कामाक्षीपाल्या, विद्यारण्यपुरा और बसवेश्वरनगर थाना क्षेत्र से जुड़ा है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि इन इलाकों में किराए के मकानों में देह व्यापार का नेटवर्क संचालित किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर छापा मारकर कार्रवाई की।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी महिलाएं फोन कॉल और संपर्क सूत्रों के जरिए ग्राहकों को बुलाती थीं। इसके बाद उन्हें किराए के मकानों में भेजा जाता था, जहां दूसरी महिलाओं से जबरन देह व्यापार कराया जाता था।
पुलिस के मुताबिक छापेमारी के दौरान सात महिलाओं को गिरफ्तार किया गया, जबकि पांच महिलाओं को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान पर भेजा गया है। पुलिस अब गिरफ्तार महिलाओं से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस नेटवर्क के तार किन-किन लोगों और क्षेत्रों से जुड़े हैं।
जांच एजेंसियों का कहना है कि मामले में और भी लोगों की संलिप्तता सामने आ सकती है। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है और आगे की कार्रवाई जारी है।








