CG Breaking: डोंगरगांव के विकास को मिलेगी नई रफ्तार, नगर पालिका परिषद घोषित
डोंगरगांव नगर पंचायत बना नगर पालिका परिषद, राजपत्र अधिसूचना जारी

CG Breaking: छत्तीसगढ़ सरकार ने डोंगरगांव क्षेत्र के नागरिकों को बड़ी सौगात देते हुए नगर पंचायत डोंगरगांव का उन्नयन कर उसे नगर पालिका परिषद का दर्जा प्रदान कर दिया है। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा इसकी राजपत्र अधिसूचना भी जारी कर दी गई है। इस निर्णय के बाद पूरे क्षेत्र में खुशी और उत्साह का माहौल है।
राजपत्र में प्रकाशित हुई अधिसूचना
जारी अधिसूचना के अनुसार छत्तीसगढ़ नगर पालिका अधिनियम 1961 के प्रावधानों के तहत राजनांदगांव जिले की डोंगरगांव नगर पंचायत को नगर पालिका परिषद घोषित किया गया है। इस फैसले से नगर के योजनाबद्ध विकास और शहरी सुविधाओं के विस्तार को नई दिशा मिलेगी।
विकास कार्यों को मिलेगी गति
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि नगर पालिका परिषद बनने के बाद डोंगरगांव में सड़क, नाली, पेयजल, स्वच्छता, स्ट्रीट लाइट, उद्यान और सामुदायिक भवन जैसी आधारभूत सुविधाओं के विकास को गति मिलेगी। साथ ही केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ भी नागरिकों तक अधिक प्रभावी तरीके से पहुंच सकेगा।
14 हजार से अधिक आबादी को मिलेगा लाभ
वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार डोंगरगांव की आबादी लगभग 14 हजार 693 है। नगर पालिका परिषद का दर्जा मिलने के बाद इस क्षेत्र को विकास योजनाओं और वित्तीय संसाधनों में अधिक प्राथमिकता मिलने की संभावना है।
उज्ज्वल भविष्य की ओर बढ़ेगा डोंगरगांव
डिप्टी सीएम अरुण साव ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में यह निर्णय डोंगरगांव के विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगा। इससे नगर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के साथ-साथ नागरिक सुविधाओं का भी विस्तार होगा।
जनप्रतिनिधियों ने जताया आभार
नगर पालिका परिषद का दर्जा मिलने के बाद डोंगरगांव के जनप्रतिनिधियों और भाजपा पदाधिकारियों ने नवा रायपुर स्थित उप मुख्यमंत्री अरुण साव के निवास कार्यालय पहुंचकर उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में ऐतिहासिक निर्णय बताया।
नीचे देखें राजपत्र











