CG IT Park Inauguration: मुख्यमंत्री साय ने दुर्ग को दी हाईटेक सौगात, अत्याधुनिक आईटी पार्क का किया लोकार्पण
40 आईटी कंपनियों ने शुरू किया काम, 100 से ज्यादा कंपनियों ने दिखाई रुचि; युवाओं को मिलेगा स्थानीय स्तर पर तकनीकी रोजगार

CG IT Park Inauguration: छत्तीसगढ़ के तकनीकी विकास और डिजिटल अर्थव्यवस्था को नई दिशा देने की दिशा में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दुर्ग जिले में अत्याधुनिक आईटी पार्क का लोकार्पण किया। सिविल लाइन्स दुर्ग में स्थापित इस आधुनिक आईटी पार्क को प्रदेश में तकनीकी नवाचार, स्टार्टअप संस्कृति और रोजगार सृजन का नया केंद्र माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि यह आईटी पार्क केवल एक भवन नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ के युवाओं के सपनों, प्रतिभा और आत्मनिर्भर भविष्य का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को नौकरी तलाशने वाला नहीं, बल्कि तकनीक आधारित अर्थव्यवस्था का नेतृत्व करने वाला बनाना चाहती है।
40 कंपनियों ने शुरू किया संचालन
मुख्यमंत्री ने बताया कि भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) भिलाई और राज्य शासन के सहयोग से विकसित इस आईटी पार्क में वर्तमान में लगभग 40 आईटी कंपनियां कार्यरत हैं। वहीं 100 से अधिक कंपनियों ने भविष्य में यहां अपनी उपस्थिति दर्ज कराने की सहमति भी दी है।
उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा पिछले वर्ष की गई घोषणा अब धरातल पर उतर चुकी है, जो सुशासन और त्वरित क्रियान्वयन का प्रमाण है।
डिजिटल इकोनॉमी का नया हब बनेगा दुर्ग-भिलाई
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ अब केवल कृषि और खनिज आधारित अर्थव्यवस्था तक सीमित नहीं रहेगा। राज्य डिजिटल अर्थव्यवस्था, सूचना प्रौद्योगिकी और नवाचार आधारित विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि दुर्ग-भिलाई क्षेत्र पहले से ही शिक्षा और उद्योग का मजबूत केंद्र रहा है। आईटी पार्क की स्थापना के बाद यह क्षेत्र तकनीकी नवाचार, डिजिटल सेवाओं और स्टार्टअप इकोसिस्टम का प्रमुख हब बनकर उभरेगा।
युवाओं को मिलेगा स्थानीय रोजगार
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस परियोजना से स्थानीय युवाओं को बड़े शहरों की ओर पलायन किए बिना अपने क्षेत्र में ही आधुनिक तकनीकी क्षेत्र में रोजगार और करियर के अवसर मिलेंगे। इससे प्रदेश में कौशल विकास और रोजगार सृजन को भी नई गति मिलेगी।
3900 वर्गमीटर क्षेत्र में विकसित हुआ आईटी पार्क
जानकारी के अनुसार यह अत्याधुनिक आईटी पार्क लगभग 3,900 वर्गमीटर भूमि पर विकसित किया गया है। इसका कुल निर्मित क्षेत्रफल 2,907.26 वर्गमीटर है। परिसर में 40 बड़े कार्यालय कक्ष, 5 विशाल हॉल, मैस और अन्य आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए पूरे परिसर को बाउंड्रीवॉल से सुरक्षित किया गया है।
तकनीकी निवेश और स्टार्टअप संस्कृति को मिलेगा बढ़ावा
स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में तकनीकी अधोसंरचना का तेजी से विस्तार हो रहा है। आईआईटी भिलाई और राज्य शासन के बीच हुए एमओयू के तहत इस परियोजना को विकसित किया गया है।
विशेषज्ञों का मानना है कि यह आईटी पार्क जिले में तकनीकी निवेश, स्टार्टअप संस्कृति, कौशल विकास और रोजगार सृजन को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
कार्यक्रम में रहे मौजूद
कार्यक्रम में सांसद Vijay Baghel, विधायक Domanlal Korsewada, विधायक Ishwar Sahu, छत्तीसगढ़ खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के अध्यक्ष Rakesh Pandey सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।







