CG Murder News: छोटे भाई को बचाने गया बड़ा भाई, बदमाशों ने चापड़ से गला रेतकर की हत्या, 5 आरोपी हिरासत में
सरकंडा थाना क्षेत्र में वारदात से मचा हड़कंप, नाराज परिजनों ने थाने का किया घेराव

CG Murder News: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां छोटे भाई को बचाने पहुंचे बड़े भाई की बेरहमी से हत्या कर दी गई। सरकंडा थाना क्षेत्र में शनिवार रात हुई इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, मोपका गुड़ी मोहल्ले निवासी 22 वर्षीय अभिषेक यादव अपने चचेरे भाई ओमप्रकाश यादव को बचाने गया था। ओमप्रकाश (16) का कुछ युवकों से विवाद हो गया था, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया।
जब अभिषेक मौके पर पहुंचा और अपने छोटे भाई को बचाने की कोशिश की, तभी बदमाशों ने उस पर भी हमला कर दिया। आरोपियों ने चापड़ से अभिषेक के गले पर वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
कॉलेज स्टूडेंट था मृतक
अभिषेक यादव बीए सेकंड ईयर का छात्र था। घटना रात करीब 10:30 बजे मोपका चौक के पास हुई, जहां करीब 5 युवकों ने मिलकर पहले ओमप्रकाश की पिटाई की और फिर अभिषेक पर जानलेवा हमला कर दिया।
पुलिस चौकी तक भागा छोटा भाई
हमले के बाद ओमप्रकाश अपनी जान बचाकर भागा। आरोपी उसका पीछा करते हुए पुलिस चौकी तक पहुंच गए, जहां वह किसी तरह अंदर घुसकर अपनी जान बचाने में सफल रहा।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
घटना के बाद परिजन अभिषेक को तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया।
5 आरोपी हिरासत में, जांच जारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए 5 युवकों को हिरासत में लिया है। सभी आरोपी सीपत क्षेत्र के बताए जा रहे हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
थाने का घेराव, सख्त कार्रवाई की मांग
घटना से गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने थाने का घेराव कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। मौके पर एएसपी और सीएसपी समेत पुलिस अधिकारी पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया।



















