Sakti Vedanta Power Plant Accident: वेदांता पावर प्लांट में बॉयलर फटने से बड़ा हादसा, प्रभारी मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने दिए जांच और राहत के निर्देश
सिंघीतराई स्थित वेदांता प्लांट हादसे में करीब 40 मजदूर घायल, कई की मौत की आशंका; मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने दोषियों पर सख्त कार्रवाई के संकेत दिए

Sakti Vedanta Power Plant Accident: सक्ती, छत्तीसगढ़। सक्ती जिले के सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में हुए दर्दनाक हादसे को लेकर जिले के प्रभारी मंत्री गुरु खुशवंत साहेब लगातार उच्च अधिकारियों और जिला प्रशासन के संपर्क में हैं। वे पूरे घटनाक्रम की लगातार निगरानी कर रहे हैं और राहत एवं बचाव कार्यों को तेज करने के निर्देश दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, प्लांट में बॉयलर फटने से यह बड़ा हादसा हुआ है। इस दुर्घटना में करीब 40 मजदूर घायल हुए हैं, जिनमें से कई मजदूरों की दर्दनाक मौत की आशंका भी सामने आ रही है।
मृतकों के प्रति संवेदना, घायलों के इलाज के निर्देश
प्रभारी मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने इस हादसे में मृतकों के प्रति गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी सहानुभूति प्रकट की।
साथ ही उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी घायलों को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। आवश्यकता पड़ने पर उन्हें उच्च स्तरीय अस्पतालों में रेफर करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
लापरवाही मिलने पर दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई
मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि दुर्घटना दुर्भाग्यपूर्ण हो सकती है, लेकिन यदि जांच में किसी भी प्रकार की लापरवाही या सुरक्षा मानकों में कमी पाई जाती है, तो जिम्मेदार व्यक्तियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष एवं गहन जांच के निर्देश दिए हैं और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही है।
सुरक्षा मानकों को सख्ती से लागू करने के निर्देश
मंत्री ने प्रशासन और प्लांट प्रबंधन को घटना की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सभी सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि राज्य शासन पीड़ित परिवारों के साथ संवेदनशीलता के साथ खड़ा है और हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।



















