Bageshwar Dham Controversy: धीरेंद्र शास्त्री के भाई शालिग्राम गर्ग गिरफ्तार, जमीन विवाद में चली थी गोली
छतरपुर के कोड़ा गांव में जमीन विवाद के दौरान हुई फायरिंग मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भी घटना से खुद को अलग बताया।

Bageshwar Dham Controversy: मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के राजनगर थाना क्षेत्र के कोड़ा गांव में हुए चर्चित गोलीकांड मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के भाई शालिग्राम गर्ग और उसके साथी अंकित मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लिया है।
जमीन विवाद बना गोलीकांड की वजह
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आदित्य पटले के मुताबिक, कोड़ा गांव में जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर शालिग्राम गर्ग ने अपने साथियों के साथ मिलकर कोना गांव निवासी मोतीलाल कुशवाहा पर फायरिंग कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल को पहले जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उसे ग्वालियर रेफर कर दिया।
चार आरोपी थे शामिल, दो गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार इस मामले में कुल चार आरोपी शामिल हैं, जिनमें तीन नामजद और एक अज्ञात आरोपी है। अब तक शालिग्राम गर्ग और अंकित मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
हथियार भी हुआ बरामद
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर फायरिंग में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
धीरेंद्र शास्त्री ने भाई से किया किनारा
मामले में भाई का नाम सामने आने के बाद बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने खुद को इस घटना से अलग बताते हुए कहा कि उनका शालिग्राम गर्ग से कोई संबंध नहीं है।
उन्होंने कहा,
“शालिग्राम गर्ग से मेरा कोई रिश्ता नहीं है। मैं दो साल पहले ही सार्वजनिक रूप से इसकी घोषणा कर चुका हूं। कानून इस मामले में कठोर से कठोर कार्रवाई करे। मेरा नाम इस घटना से किसी भी तरह न जोड़ा जाए।”
पुलिस की जांच जारी
पुलिस का कहना है कि मामले में दर्ज एफआईआर के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।









