NEET UG में बड़ा बदलाव: पेन एंड पेपर से कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (CBT) की तैयारी, परीक्षा में गड़बड़ी पर बड़ा फैसला..जानिये क्या?
नई दिल्ली। देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET UG में बड़े सुधार की योजना तैयार की जा रही है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) अब इस परीक्षा को पेन एंड पेपर मोड से हटाकर कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (CBT) में बदलने पर विचार कर रही है। यह फैसला परीक्षा में लगातार हो रही गड़बड़ियों, पेपर लीक और सुरक्षा संबंधी खामियों को देखते हुए लिया जा रहा है।
क्या है बदलाव की योजना?
NTA ने सुधारों का रोडमैप तैयार करना शुरू कर दिया है। योजना के तहत:
- MyGov प्लेटफॉर्म पर छात्रों, पैरंट्स, टीचर्स और विशेषज्ञों से फीडबैक लिया जाएगा।
- CBT मोड में परीक्षा कई शिफ्ट्स में आयोजित की जाएगी, जिससे लॉजिस्टिक्स और गोपनीयता बेहतर होगी।
- आधार-बेस्ड प्रमाणीकरण और बायोमीट्रिक वेरिफिकेशन को पूरी तरह लागू किया जाएगा।
- रियल-टाइम वीडियो निगरानी और सुरक्षित परीक्षा केंद्रों की संख्या बढ़ाने पर काम चल रहा है।
क्वेश्चन पेपर पैटर्न में भी बदलाव संभव
CBT मोड में पेपर छपाई, ट्रांसपोर्ट और स्टोरेज की समस्याएं खत्म हो जाएंगी। इसके साथ ही क्वेश्चन पैटर्न और रिजल्ट एनालिसिस पर भी विचार किया जा रहा है। इससे परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता बढ़ेगी।
शिक्षा मंत्रालय और NTA इस बदलाव के लिए स्वास्थ्य मंत्रालय की मंजूरी भी लेंगे, क्योंकि NEET UG MBBS और BDS जैसे मेडिकल कोर्स में प्रवेश के लिए आयोजित की जाती है।
पिछले अनुभव और चुनौतियां
पिछले सालों में NEET परीक्षा में कई शिकायतें सामने आई थीं। इसके बाद राधाकृष्णन समिति बनी, जिसने सुरक्षित परीक्षा केंद्र, डिजिटल पहचान और वेरिफिकेशन प्रक्रियाओं को मजबूत करने की सिफारिशें दी थीं।
NTA के अधिकारियों के अनुसार CBT मोड में सबसे बड़ी चुनौती सुरक्षित परीक्षा केंद्रों का चयन और तकनीकी तैयारी होगी। 2025 में आधार-बेस्ड बायोमीट्रिक वेरिफिकेशन लागू करने की कोशिश की गई थी, लेकिन लॉजिस्टिक कारणों से यह पूरी तरह सफल नहीं हो पाया।
छात्रों की राय होगी अहम
सरकार का मानना है कि इतने बड़े बदलाव से पहले छात्रों की राय लेना जरूरी है। CBT मोड में परीक्षा देने के लिए तकनीकी रूप से छात्रों को भी तैयार किया जाएगा।
अब यह देखना बाकी है कि क्या NEET UG भी JEE की तरह पूरी तरह ऑनलाइन होगी या पेन एंड पेपर मोड जारी रहेगा।

NEET UG में बड़ा बदलाव: पेन एंड पेपर से कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (CBT) की तैयारी, परीक्षा में गड़बड़ी पर बड़ा फैसला..जानिये क्या?









