Saryu River Beer Party: अयोध्या में सरयू नदी के बीच नाव पर बीयर-मटन पार्टी, 3 आरोपी गिरफ्तार
अयोध्या के गुप्तार घाट स्थित सरयू नदी में नाव पर बीयर और मटन पार्टी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।

Saryu River Beer Party: उत्तर प्रदेश के अयोध्या से एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में कुछ युवक सरयू नदी के बीच नाव पर बैठकर बीयर और मटन पार्टी करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
गुप्तार घाट का बताया जा रहा है वायरल वीडियो
पुलिस के अनुसार वायरल वीडियो गुप्तार घाट का बताया जा रहा है। यह वही स्थान है जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु सरयू नदी में स्नान और पूजा-अर्चना करने पहुंचते हैं। वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों और विभिन्न संगठनों ने इस पर कड़ी नाराजगी जताई।
तीन आरोपी गिरफ्तार, एक की तलाश जारी
वीडियो सामने आने के बाद कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लवकुश निषाद, राजकुमार निषाद और जितेंद्र निषाद को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक मामले में शामिल एक अन्य आरोपी फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
वीडियो में पार्टी करते दिखे युवक
वायरल वीडियो में चार युवक नाव पर बैठकर बीयर और मटन पार्टी करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में एक युवक यह कहते हुए सुनाई देता है कि काफी दिनों बाद दोस्तों के साथ “बकरा पार्टी” का आनंद लिया और आगे भी समय-समय पर ऐसी पार्टी करने की बात कहता है।
हिंदू संगठनों में नाराजगी
वीडियो वायरल होने के बाद विभिन्न हिंदू संगठनों ने इस घटना पर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि सरयू नदी करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है और इस तरह की गतिविधियां धार्मिक भावनाओं को आहत करती हैं।
पुलिस कर रही आगे की कार्रवाई
पुलिस ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की गई है। मामले में फरार आरोपी की तलाश जारी है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।









