Office Holiday News: रेड अलर्ट के बीच बड़ा फैसला, सरकारी-अर्धसरकारी कार्यालयों में आधे दिन की छुट्टी
IMD के रेड अलर्ट के बाद राज्य सरकार सतर्क, गैर-आवश्यक और अर्ध-सरकारी कार्यालयों में हाफ डे, निजी कंपनियों से कर्मचारियों को घर से काम कराने की अपील

Office Holiday News: महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में भारी बारिश और रेड अलर्ट के बीच राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (SDMA) ने गैर-आवश्यक और अर्ध-सरकारी कार्यालयों के कर्मचारियों के लिए दोपहर बाद आधे दिन की छुट्टी घोषित कर दी है। वहीं निजी संस्थानों से भी जहां संभव हो, कर्मचारियों को Work From Home (WFH) की सुविधा देने की सलाह दी गई है।
IMD के रेड अलर्ट के बाद लिया गया फैसला
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मुंबई महानगर क्षेत्र के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार मुंबई, ठाणे और रायगढ़ जिलों में अत्यधिक भारी बारिश के साथ 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इसी चेतावनी को देखते हुए राज्य सरकार ने एहतियाती कदम उठाए हैं।
दोपहर बाद आधे दिन की छुट्टी का ऐलान
राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जारी परामर्श के अनुसार, आवश्यक सेवाओं में लगे कर्मचारियों को छोड़कर सरकारी और अर्ध-सरकारी कार्यालयों के कर्मचारियों को दोपहर बाद आधे दिन का अवकाश दिया गया है। साथ ही निजी कंपनियों से अपील की गई है कि जहां संभव हो, कर्मचारियों को घर से काम करने की अनुमति दी जाए।
लोगों से घरों में रहने की अपील
महाराष्ट्र के आपदा प्रबंधन मंत्री गिरीश महाजन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अत्यंत आवश्यक होने पर ही घरों से बाहर निकलें। उन्होंने कहा कि मौजूदा मौसम को देखते हुए लोगों को पर्यटन या अन्य गैर-जरूरी कार्यों के लिए बाहर जाने से बचना चाहिए।
स्कूल-कॉलेज बंद करने के संकेत
मंत्री गिरीश महाजन ने कहा कि सरकार जल्द ही स्कूलों और कॉलेजों को बंद करने को लेकर भी निर्णय ले सकती है। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर
भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी को देखते हुए प्रशासन ने सभी संबंधित एजेंसियों को अलर्ट पर रखा है। निचले इलाकों में जलभराव, पेड़ गिरने और यातायात प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए राहत एवं बचाव दलों को भी तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।







